थल (पिथौरागढ़)। पुरानी पेयजल योजनाओं से छेड़छाड़ करने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने विभाग पर पुरानी योजना में ही पाइप बिछाकर लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
रविवार को सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद मेहता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पमतोड़ी गांव में एकत्र होकर जल निगम डीडीहाट के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जल मिशन में धांधली कर विभाग सरकार की योजना की हवा निकाल रहे हैं। कहा कि 30 साल पहले चुखानी गाड़ से पमतोड़ी गांव के लिए दो किमी लंबी पेयजल योजना बनी थी। ग्रामसभा के अधीन योजना का अच्छा रखरखाव किया गया। पेयजल योजना से लगातार लोगों को पानी मिलता रहा। हर घर नल योजना के तहत जल निगम पुरानी पेयजल योजनाओं में कुछ स्थान पर पुराने पाइपों को हटाकर नए पाइप लगा रहा तो कहीं पुराने पाइप लगाकर योजना में लीपापोती की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुरानी योजना ठीक चल रही थी तो उसमें छेड़छाड़ करने की क्या जरूरत थी। गांव के लिए अलग से नई योजना बननी चाहिए थी। ग्रामीणों ने कहा यदि अलग से नई योजना नहीं बनाई गई तो वे विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में गोविंद सिंह भंडारी, बालक सिंह, नरेंद्र सिंह, नीरज सिंह शामिल रहे।