बिलाई गांव के लोगों ने सड़क की दुर्दशा और डामरीकरण न होने के विरोध में विधानसभा उप चुनाव का बहिष्कार करने का एलान किया है।
बिलाई के लोगों ने जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे को सौंपे ज्ञापन में कहा कि क्षेत्र को यातायात सुविधा से जोड़ने के लिए 20 साल पहले अशोकनगर-भाटीगांव सड़क को मंजूरी दी गई थी। आज तक यह सड़क कच्ची है। सड़क वाहन संचालन लायक नहीं है। कहा है कि 15 फरवरी 2015 को सड़क में हॉटमिक्स के लिए टेंडर हुए लेकिन सड़क में हॉटमिक्स का काम नहीं किया गया।
सड़क कच्ची होने से यातायात संचालन में भारी दिक्कत आती है। क्षेत्र के लोगों को सड़क का कोई भी लाभ नहीं मिल पा रहा है। लोगों को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। तमाम बार विभाग के सामने मामला उठा दिया गया है, लेकिन सड़क की दशा सुधारने के लिए कदम नहीं उठाए जाते हैं। सड़क में हॉटमिक्स का कार्य शुरू नहीं किया गया तो गांव के लोग उप चुनाव में मतदान नहीं करेंगे। जिलाधिकारी ने लोगों से चुनाव बहिष्कार न करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क के बारे में जानकारी हासिल की जाएगी। सड़क का काम पूरा कराया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में अनिल सिंह बेलाल, जितेंद्र सिंह, गौरव सिंह, प्रकाश सिंह, अनूप सिंह आदि शामिल थे।