माइनस पांच डिग्री के बीच हटाई बर्फ: खुला आदि कैलाश मार्ग, बीआरओ के सड़क खोलने के बाद एक हजार यात्री रवाना
भारी बर्फबारी के बाद बंद आदि कैलाश यात्रा मार्ग खुलने पर विभिन्न गांवों में ठहरे एक हजार से अधिक यात्री आदि कैलाश दर्शन के लिए रवाना हुए। बीआरओ ने माइनस पांच डिग्री तापमान में बमुश्किल मार्ग से बर्फ हटाकर यात्रियों और ग्रामीणों को राहत पहुंचाई।
विस्तार
भारी बर्फबारी के बाद बंद आदि कैलाश यात्रा मार्ग के खुलने पर विभिन्न गांवों में ठहरे एक हजार से अधिक यात्री आदि कैलाश दर्शन के लिए रवाना हुए। बीआरओ ने माइनस पांच डिग्री तापमान पर बमुश्किल मार्ग से बर्फ हटाकर यात्रियों और ग्रामीणों को राहत पहुंचाई है।
ज्योलिंगकांग (14500 फीट) में चार से पांच फीट और नाभीढांग (ओम पर्वत) व कुटी (12300 फीट) में दो फीट तक बर्फ गिरी थी। इससे कुटी से आदि कैलाश तक मार्ग बंद हो गया था। बीआरओ की 65 आरसीसी ग्रेफ के 30 मजदूरों ने छह जेसीबी की मदद से माइनस दो से माइनस पांच डिग्री तापमान के बीच बमुश्किल बर्फ हटाकर सड़क पर आवाजाही सुचारु कराई। सड़क खुलने की सूचना पर कुटी, नाबी, गुंजी, नपलचू सहित अन्य गांवों में ठहरे यात्री आदि कैलाश के लिए रवाना हुए।
यात्रियों ने भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आदि कैलाश के दर्शन किए। कुटी के होम स्टे संचालक कुंवर कुटियाल और गुलाब कुटियाल ने बताया कि आईटीबीपी और पुलिस ने जाम से बचने के लिए वाहनों को एक-एक कर आदि कैलाश के लिए रवाना किया। ग्राम प्रधान नगेंद्र सिंह कुटियाल ने बताया कि बर्फ अधिक होने से यात्री शिव-पार्वती मंदिर और गौरी कुंड के दर्शन नहीं कर पाए। स्थानीय टूर ऑपरेटर डब्बू पायर, सोमित नबियाल ने बताया कि चारों ओर बर्फ से घिरे आदि कैलाश के दर्शन से यात्री उत्साहित हैं।
नहीं खुल सकी नाभीढांग-लिपुलेख सड़क
नाभीढांग से लिपुलेख तक 12 किलोमीटर पर आठ से 10 फीट बर्फ गिरने से बीआरओ की मुश्किल बढ़ी है। बीआरओ को सड़क खोलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बीआरओ की टीम सड़क खोलने में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, सड़क को खुलने में तीन से चार दिन का समय लग सकता है। बता दें कि पिछले छह दिनों से नाभीढांग-लिपुलेख सड़क भारी हिमपात से बंद होने से यात्री कैलाश मानसरोवर के दर्शन नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। संवाद
नाभीढांग से लिपुलेख के बीच 12 किलोमीटर सड़क पर 8 से 10 फीट बर्फ होने से बीआरओ को परेशानी हो रही है। सड़क तीन-चार दिन में खोल दी जाएगी। आशीष जोशी, एसडीएम, धारचूला