जूना अखाड़े हरिद्वार के साधु-संतों की छड़ी यात्रा सीता माता मंदिर फलस्वाड़ी पहुंची। संतों का आशीर्वाद लेने के लिए कोट, फलस्वाड़ी सहित आसपास के गांवों से ग्रामीण बड़ी संख्या में यहां पहुंचे। जूना अखाड़े के साधु-संतों ने छड़ी यात्रा को प्रतिवर्ष सीता माता मंदिर लाने का संदेश दिया। कहा कि आस्था के केंद्र फलस्वाड़ी में सीता माता के मंदिर को भव्य रूप दिया जाएगा। सरकार भी इस दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
सोमवार को जूना अखाड़े हरिद्वार के करीब 30 साधु-संतों की छड़ी यात्रा गंगोत्री धाम से देवप्रयाग होते हुए कोट ब्लाक स्थित फलस्वाड़ी गांव पहुंची और सीता माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। करीब दो घंटे मंदिर परिसर में रहने के बाद यात्रा पौड़ी होते हुए रात्रि विश्राम के लिए खिर्सू पहुंची। जूना अखाड़े हरिद्वार के अंतरराष्ट्रीय सभापति व छड़ी यात्रा प्रमुख महंत प्रेम गिरी जी महाराज ने कहा कि प्रत्येक वर्ष इस यात्रा को लेकर फलस्वाड़ी गांव आएंगे। यात्रा मंगलवार को रुद्रप्रयाग स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर में पूजा करने के बाद सोनप्रयाग में रात्रि विश्राम करेगी। यात्रा के दौरान तहसीलदार पौड़ी हरिमोहन खंडूड़ी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में जुटे रहे। इस मौके पर फलस्वाड़ी की ग्राम प्रधान सरोजनी रावत, एसडीएम सदर एसएस राणा, मंदिर के पुजारी सचिदानंद भट्ट, राजेंद्र सिंह रावत, राजस्व उपनिरीक्षक नीतू रावत मौजूद रहे।