जनपद के बुजुर्ग किसान के जीवन संघर्ष व मेहनत पर बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म मोतीबाग अब प्रवासी उत्तराखंडियों के बीच माटी की महक बिखेरेगी। उत्तराखंड युवा मंच की पहल पर 19 जनवरी को चंडीगढ़ में मोतीबाग प्रदर्शित होगी, जहां कार्यक्रम में आयोजित कवि सम्मलेन में लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, कुमाऊंनी गायक हीरा सिंह राणा शिरकत करेंगे।
जिले के विकास खंड कल्जीखाल स्थित सांगुडा गांव में विगत 52 वर्ष से एक माटी का लाल जीवंत पहाड़ की संजीवता को संजोए हुए है। मोतीबाग में 84 वर्षीय बुजुर्ग विद्या दत्त शर्मा के जीवन संघर्ष को डॉक्यूमेंट्री फिल्म में पिरोया गया है। केरल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री फिल्म महोत्सव में मोतीबाग को प्रथम पुरस्कार मिला। इसके बाद फिल्म को आस्कर में एंट्री भी मिल चुकी है, जो अमेरिका के लॉस एंजेलिस शहर में प्रदर्शित होगी। निर्देशक निर्मल चंद्र डंडरियाल निर्देशित डॉक्यूमेंट्री मोतीबाग पौड़ी, श्रीनगर चौरास, कोटद्वार, पूना सहित दिल्ली में भी प्रदर्शित हो चुकी है। चंडीगढ़ में ‘धरति धै लगांद’ स्लोगन के साथ फिल्म प्रवासी उत्तराखंडियों के बीच प्रदर्शित होगी। उत्तराखंड युवा मंच चंडीगढ़ के अध्यक्ष डीएस रावत व महासचिव गणेश सिंह ने बताया कि 19 जनवरी को मोतीबाग चंडीगढ़ के देश सेवक सभागार में 2 से 7 तक प्रदर्शित होगी।