बाजार बंद करने को लेकर श्रीनगर में व्यापारियों में टकराव होने लगा है। व्यापारियों के गुट ने व्यापार सभा की ओर से घोषित तीन दिन की बंदी का विरोध करते हुए शनिवार से अपने प्रतिष्ठान खोलने का ऐलान किया है। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम को भी ज्ञापन सौंपा। वहीं, शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी के बावजूद कुछ व्यापारिक प्रतिष्ठान भी खुले रहे।
शहर में कुछ दिन के अंतराल में दो व्यापारियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद व्यापार संघ ने तीन दिन (28 से 30 अगस्त तक) दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया है। इस संबंध में बृहस्पतिवार को व्यापार सभा अध्यक्ष वासुदेव कंडारी ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए बाजार क्षेत्र को सैनिटाइज करने की मांग की थी। शुक्रवार को व्यापारियों के एक गुट ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कहा कि बिना व्यापारियों की सहमति के व्यापार सभा की ओर से लिया गया फैसला उन्हें मंजूर नहीं है। इसके विरोध में व्यापारी शनिवार से अपनी दुकान खुली रखेंगे। कहा कि यदि बाजार क्षेत्र में कोई व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आता है, तो उस व्यक्ति के प्रतिष्ठान या घर को सील किया जाए। ना कि पूरे बाजार को। व्यापारियों ने सब्जी मंडी को भी कंटेनमेंट जोन से हटाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में शंकर मणि मिश्रा, एसएस चौहान, प्रवीण अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, राजा विश्कनोई, वरुण कपूर, वसीम अहमद और झाबर सिंह रावत आदि शामिल थे। इधर, व्यापार संघ अध्यक्ष वासुदेव कंडारी का कहना है कि सभी की सुरक्षा को देखते हुए बाजार बंद रखने का निर्णय लिया गया है। विरोध करने वाले कुछ ही व्यापारी हैं।