हल्द्वानी। बनभूलपुरा के कर्फ्यूग्रस्त इलाके में रहने वाले आढ़तियों को प्रशासन ने कहा कि लाइसेंसी व्यापारियों को नवीन मंडी स्थल में उनके प्रतिष्ठानों पर कार्य करने की अनुमति कोविड-19 मेडिकल जांच में निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद ही दी जाएगी। आढ़ती एसोसिएशन ने व्यापारियों और पल्लेदारों की कोरोना जांच कराई जाए।
गुरुवार को मंडी समिति अध्यक्ष मनोज साह की अध्यक्षता में प्रशासन और मंडी व्यापारियों की बैठक हुई। प्रशासन ने यह बैठक बनभूलपुरा के मंडी के आढ़तियों की ओर से मंडी में कारोबार की छूट देने की मांग पर बुलाई थी। आढ़ती सज्जाद अली और भूरा खान ने कई लोगों के यह सुझाव आने पर कि बनभूलपुरा के आढ़तियों को मंडी स्थल में ही रहना होगा। इस पर इन दोनों व्यवसायियों ने मंडी में कारोबार स्थल पर रहने में अपनी कोई सहमति नहीं दी। एसडीएम विवेक राय ने कहा कि बनभूलपुरा के मंडी व्यापारियों को इस दौरान उन्हें मंडी स्थल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्हें अपने कार्यस्थल पर ही रहना होगा। इस निर्णय में सभी व्यापारियों ने सहमति जताई। यह भी निर्णय लिया कि मंडी में बाहर से आने वाले वाहन चालक एवं क्लीनर एवं उनके अपने प्रतिष्ठान पर कार्य करने वाले सभी लोगों का प्रतिदिन का विवरण लिखित रूप से देना होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में मंडी समिति कार्यालय की ओर से व्यापारियों को आदेश भी जारी किया गया है। बैठक में मंडी उपाध्यक्ष रवीन्द्र रैकुनी, एडीएम (प्रशासन) कैलास टोलिया, एसडीएम राय, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, सीओ दिनेश ढौडियाल, मंडी सचिव विश्वविजय सिंह देव, आलू फल आढ़ती व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष जीवन सिंह कार्की, भुवन चन्द्र तिवारी, अनिल आसवानी, दीपक पाठक, सज्जाद अली, भूरा खान रहे।