सुबह किशोरी का अपहरण, शाम को बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव से लापता किशोरी करीब दस घंटे बाद सकुशल बरामद हो गई। किशोरी के अपहरण की सूचना से पूरे दिन इलाके में तनाव की स्थिति रही।
किशोरी की बरामदगी के लिए स्थानीय लोगों ने बरेली रोड हाइवे जाम और कोतवाली में हंगामा किया। मोतीनगर में जिस आटो से स्थानीय लोगों ने किशोरी को छुड़वाया उसमें सवार दो युवकों की जमकर धुनाई की। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराकर लहूलुहान युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने युवकों के खिलाफ अपहरण और पास्को के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में देर रात तक पूछताछ करती रही।
गोरापड़ाव निवासी 13 साल की किशोरी सुबह सात बजे पड़ोसी के घर दूध लेने गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर मां उसे ढूंढने निकली। मां को वहीं सिंचाई गूल में बेटी के कपड़े और दूध की खाली बाल्टी मिली। बेटी का आसपास पता नहीं लगने पर मां घर दौड़ी और पति को सूचना दी। इसके बाद किशोरी के गायब होने की मंडी चौकी पुलिस को सूचना दी गई।
आधे घंटे तक पुलिस के नहीं पहुंचने पर परिजन और ग्रामीणों आक्रोशित हो गए और गोरापड़ाव में हाइवे पर जाम लगा दिया। जाम लगने पर सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह, एसडीएम पंकज उपाध्याय और एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बमुश्किल जाम खुलवाया।
किशोरी अपने पिता का मोबाइल फोन भी ले गई। जांच में जुटी पुलिस ने आसपास वाहन शोरूम में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें किशोरी के शिव मंदिर के पास से लाल साड़ी में निकलते देखा गया। फुटेज में एक युवक भी दिखा जो काफी देर से आसपास टहल रहा था।
दूसरी फुटेज में 7.52 पर किशोरी को फिर देखा गया। जिसमें किशोरी करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चली और फिर दो युवकों के साथ बाइक में बीच में बैठकर चली गई। पिता का मोबाइल ले जाने, सीसी टीवी फुटेज, कपड़े और दूध की खाली बाल्टी बरामद होने के बाद पुलिस को जांच के लिए ठोस लाइन मिल गई। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस में लगाकर जांच शुरू कर दी।
किशोरी की बरामदगी को लेकर गोरापड़ाव में पूरे दिन तनाव रहा। सुबह जाम खुलने के बाद दोपहर में दो बार हाइवे जाम किया गया। पुलिस ने चार बजे तक समय मांगा और जाम खुलवाया। पुलिस की टीमें किशोरी की बरामदगी के लिए ताबड़तोड़ छापामारी कर ही रही थी कि शाम पौने चार बजे किशोरी मोतीनगर में एक आटो में दिख गई।
किशोरी को उसकी ताई ने पहचान लिया। ताई के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आटो का पीछा कर उसमें से किशोरी को बरामद कर लिया। लोगों ने आटो चालक और उसमें सवार दूसरे युवक की पकड़कर पिटाई कर दी। पुलिस ने बमुश्किल युवकों को भीड़ से बचाया और थाने ले गई।
भीड़ थाने भी पहुंच गई और युवकों को जनता के हवाले करने की मांग को लेकर कोतवाली में हंगामा कर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। हालांकि, पुलिस ने लहूलुहान युवकों को भीड़ से बचाने के लिए नैनीताल भेज दिया। किशोरी का मेडिकल कराकर दोनों युवकों के खिलाफ अपहरण और पास्को के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।