एसआईटी पहुंची नैनीताल, खंगाले रिकार्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लालबहादुर प्रशासनिक अकादमी मसूरी के फर्जी आईएएस रूबी चौधरी प्रकरण में बुधवार को एसआईटी पड़ताल के लिए नैनीताल पहुंची। टीम ने एटीआई में आवश्यक दस्तावेज खंगालने के साथ ही अधिकारियों से गहन पूछताछ की। बाद में टीम पुलिस लाइन स्थित गंगा गेस्ट हाउस पहुंची और वहां भी जांच की। होटल मानसरोवर और सरस्वती गेस्ट हाउस में भी पड़ताल कर रिकार्ड जुटाए। जांच के दौरान मानसरोवर होटल में रूबी के जनवरी-2013 के आखिरी सप्ताह में एक हफ्ते तक और सरस्वती गेस्ट हाउस में करीब सवा माह रहने की पुष्टि हुई है। बताया जाता है कि वह नैनीताल में भी अपने आपको एसडीएम बताती थी और यहां कथित तौर पर एटीआई में ट्रेनिंग के लिए आई थी।
मसूरी स्थित एलबीएस राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी के हाईप्रोफाइल प्रकरण के संबंध में दोपहर करीब 12 बजे एसआईटी प्रभारी एवं एएसपी शाहजहां जावेद खान अंसारी के नेतृत्व में टीम एटीआई (प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान) पहुंची। यहां टीम ने उप निदेशक रुचि मोहन रयाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पूर्णिमा वर्मा, व्यवस्था अधिकारी महेश बिष्ट, पीटीआई पुष्कर सिंह रावत, मेस के गोपाल बिष्ट, महेश सनवाल से पूछताछ की। दोपहर करीब 1:15 बजे टीम पुलिस लाइन स्थित गंगा गेस्ट हाउस पहुंची और वहां भी जांच की गई। शाम करीब 3:40 बजे टीम रूबी को लेकर तल्लीताल दर्शनघर के पास स्थित मानसरोवर होटल पहुंची और होटल प्रबंधक रमेश कुमार टम्टा के बयान लिए। इस होटल में 25 जनवरी से 31 जनवरी 2013 तक कमरा नंबर 17 में रूबी के रहने की पुष्टि भी हुई है।
इस दौरान रूबी चौधरी को भारी सुरक्षा के साथ मल्लीताल कोतवाली परिसर में रखा गया था। इसके बाद टीम मल्लीताल मोहन को चौराहे के पास स्थित सरस्वती गेस्ट हाउस पहुंची। यहां रूबी के दीपक के साथ पीजी के रूप में एक महीना छह दिन रुकने की पुष्टि हुई है। सरस्वती गेस्ट हाउस के संचालक गिरिश कांडपाल ने बताया कि रूबी यहां ठहरने के दौरान अपने आपको एडीएम बताती थी। पूछने पर रूबी ने बताया था कि वह यहां एटीआई में ट्रेनिंग के लिए आई है। एटीआई के कमरे में सीलन होने की वजह से वह वहां नहीं रुकी। टीम ने यहां से भी रिकार्ड कब्जे में लिए। देर शाम टीम वापस मसूरी रवाना हो गई। टीम में एएसपी समेत कैलाश जोशी, सीओ स्वतंत्र कुमार, निरीक्षक महेश जोशी के साथ ही ही 8-10 सदस्य शामिल थे।
सुबूत जुटा रहे हैं, जल्द होगी कार्रवाई : अंसारी
एसआईटी प्रभारी एएसपी एस अंसारी ने कहा कि रूबी को पीसीआर के तहत रिमांड पर लिया गया है। उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों के क्रम में टीम की ओर से पड़ताल कर दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं। सुबूतों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।