रोडवेज की ऑनलाइन व्यवस्था
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
परिवहन निगम में ऑनलाइन टिकट की बुकिंग का काम निजी क्षेत्र को देने की सुगबुगाहट हो रही है। इसको लेकर रोडवेज कर्मियों में चर्चाएं तेज हैं। परिवहन निगम में कई रूटों पर निजी क्षेत्र से अनुबंध कर बसों का संचालन किया जा रहा है। जबकि कई रूट परिवहन निगम के राजस्व की दृष्टि से लाभ वाले रहे हैं।
अब परिवहन निगम की ऑनलाइन टिकट बुकिंग का काम निजी क्षेत्र में देने की चर्चा तेज है। कर्मचारियों के अनुसार जिस तरह से लगातार सर्वर बार-बार खराब हो रहा है और बुकिंग का काम बंद हो रहा है, कर्मियों को आशंका है कि बार-बार खराबी और व्यवस्था दुरुस्त न होने का तर्क देते हुए पूरा कार्य निजी क्षेत्र को सौंपा जा सकता है।
अभी ही परिवहन निगम केवल हल्द्वानी बस अड्डे के आनलाइन काउंटर से ही करीब एक लाख रुपये की आय प्रतिदिन होती है। कर्मियों के अनुसार अभी फुटकर में निजी क्षेत्र में एक टिकट बुक कराने में करीब 50 रुपए तक में लिया जाता है।
इसी तरह आरटीओ/एआरटीओ कार्यालय में वाहन रजिस्ट्रेशन का काम निजी क्षेत्र (डीलर प्वाइंट रजिस्ट्रेशन) में देने की कोशिश लंबे समय से ही चल रही है, जिसके विरोध में पिछले साल परिवहन कर्मियों ने धरना, प्रदर्शन किया था।
इसके बाद योजना को टाल दिया गया। वर्तमान में वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने का काम निजी क्षेत्र के सहयोग से किया जा रहा है। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कमल पपनै कहते हैं कई दिनों से रोडवेज के सर्वर में खराबी आने के कारण सेवा प्रभावित हो रही है।
इससे यात्रियों के अलावा रोडवेज कर्मियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग का काम निजी क्षेत्र को देने की चर्चा हो रही है, अगर ऐसा कोई भी प्रयास होता है, तो यूनियन हर स्तर पर विरोध करेगी।
रोडवेज ने ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था विकसित करने में काफी मेहनत की है। यह काम निजी क्षेत्र को देने की दूर-दूर तक कोई योजना नहीं है। अभी जो समस्या आ रही है, वह कुछ समय के लिए है। होली में वेबसाइट पर दबाव बढ़ेगा, उस समय कोई बड़ी तकनीकी समस्या न आए, इसके लिए कुछ कार्य विभाग द्वारा कराया जा रहा है। जल्द ही व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।
- दीपक जैन, रोडवेज महाप्रबंधक संचालन
रोडवेज का ऑनलाइन काउंटर बंद रहा
रोडवेज का ऑनलाइन काउंटर शुक्रवार को भी बंद रहा। करीब 40 घंटे से रोडवेज का ऑनलाइन काउंटर बंद पड़ा है। इसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का घर बैठे टिकट बुक कराने का काम नहीं हो पा रहा है। इसके कारण रोडवेज कर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ब्यूरो