{"_id":"6a972b8791aed7974d0393fe","slug":"elderly-person-jumps-into-the-surging-gaula-river-search-underway-haldwani-news-c-8-1-hld1057-826294-2026-09-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"हल्द्वानी: उफनती गौला में 65 वर्षीय बुजुर्ग ने लगाई छलांग, तलाश जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हल्द्वानी: उफनती गौला में 65 वर्षीय बुजुर्ग ने लगाई छलांग, तलाश जारी
Wed, 02 Sep 2026 01:16 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी
अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी
Updated Wed, 02 Sep 2026 01:16 AM IST
सार
बिंदुखत्ता के शास्त्रीनगर निवासी राम सिंह कोरंगा ने मंगलवार दोपहर रानीबाग पुल से उफनती गौला नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तलाश अभियान शुरू कर दिया।
विज्ञापन
उफनती गौला में बुजुर्ग ने लगाई छलांग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिंदुखत्ता के शास्त्रीनगर निवासी 65 वर्षीय राम सिंह कोरंगा ने रानीबाग पुल से उफनती गौला नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत पुलिस व एनडीआरएफ पहुंची। फिलहाल तलाश जारी है लेकिन बुजुर्ग ने आखिर किस वजह से यह कदम उठाया इसका राज अभी पुलिस के सामने नहीं आया है।
विज्ञापन
मंगलवार दोपहर डायल 112 पर एक व्यक्ति ने हादसे की सूचना दी। जब टीम पहुंची तब पता चला कि एक बुजुर्ग ने छलांग लगाई है। जाने से पहले एक अंजान व्यक्ति ने राम सिंह से पूछा था कि चचा बारिश में क्यों भीग रहे हो, तब उन्होंने हल्की सी मुस्कान बिखेरी, इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई। अगले ही पल बुजुर्ग ने गौला में छलांग लगा दी। कुछ देर बाद ही बिंदुखत्ता से बुजुर्ग के परिजन काठगोदाम थाने पहुंचे और वीडियो के आधार पर पहचान की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पारिवारिक विवाद के बाद बुजुर्ग मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकले थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
गोवा से बिंदुखत्ता पहुंची वीडियो
जिस राहगीर ने गौला पुल पर भारी बारिश के दौरान राम सिंह से भीगने की बात पूछी उसने बुजुर्ग के नदी में कूदने के बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस के अनुसार वह वीडियो रामसिंह के गोवा में रहने वाले किसी रिश्तेदार के पास पहुंची। उसने वीडियो देखने के बाद बुजुर्ग के परिजनों को कॉल की और पूरे मामले की जानकारी दी। तब परिवार वाले काठगोदाम थाने पहुंचे और पहचान की।
एक वर्ष से बेरोजगार थे, स्वास्थ्य भी था खराब
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि रामसिंह एक वर्ष पूर्व अपनी टैक्सी चलाते थे। स्वास्थ्य खराब होने की वजह से उन्होंने टैक्सी चलाना छोड़ दिया था। एक वर्ष से वह बेरोजगार थे। परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। एक बेटा अग्निवीर है और दूसरा निजी कंपनी में कार्यरत है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मंगलवार को रामसिंह का पारिवारिक विवाद हुआ था। हालांकि किसी ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं और न ही कोई सुसाइड नोट मिला है।
मामले में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर परिजनों ने पहचान की है। शव की तलाश की जा रही है, नदी का बहाव तेज होने की वजह से दिक्कतें भी सामने आ रही हैं। -मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी