मकान में पड़ी दरारें: दीवार तोड़ वर्कशॉप में घुसा मलबा, ओखलकांडा ITI को पहुंचा नुकसान; जिलेभर में 58 मार्ग बंद
ओखलकांडा ब्लॉक के आईटीआई परिसर में सड़क से आए मलबे से भवन के पीछे की दीवार के टूटने से मलबा वर्कशॉप में घुस गया। इससे वर्कशॉप में रखी मशीनों को काफी नुकसान पहुंचा है।
विस्तार
ओखलकांडा ब्लॉक के आईटीआई परिसर में शनिवार रात को सड़क से आए मलबे से भवन के पीछे की दीवार के टूटने से मलबा वर्कशॉप में घुस गया। इससे वर्कशॉप में रखी मशीनों को काफी नुकसान पहुंचा है।
खनस्यूं क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि गोस्वामी ने बताया कि उन्होंने आईटीआई में हुए नुकसान की जानकारी लेते हुए जिला प्रशासन को सूचना दी है। ग्राम प्रधान कमला भंडारी व समाजसेवी राजेंद्र भंडारी ने बताया कि मूसलाधार बारिश से खनस्यूं क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की है।
इधर धारी तहसील के दीनी मल्ली के तोक देवागांव निवासी प्रकाश चंद्र के मकान में दरारें पड़ने से मकान को खतरा पैदा हो गया है। वहीं बेतालघाट के सीम, बजेड़ी, कुफल्टा, फल्याणी, जोग्याणी, जजुला, सिमराड, पांगकटारा, खलाड आदि मार्गों में मलबा आने से वाहन चालकों और ग्रामीणों को आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोनिवि ने जेसीबी से सड़क पर आए मलबे को हटाने का काम शुरू कर दिया है।
ये पढ़ें- Haldwani News: गौला नदी को चैनलाइज करने उतरीं तीन मशीनें, तेज बहाव के कारण खड़ीं रहीं; कार्य नहीं हो सका शुरू
ओखलकांडा के ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा ने रविवार को आपदा ग्रस्त क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुनीं। कमलेश ने कहा कि ओखलकांडा के चमोली गाजा, लुगड़ और ककोड़ गांजा में नदी के कटाव से विद्युत पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे लोगों को अंधेरे में रात काटनी पड़ रही है। उन्होंने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से जल्द बिजली आपूर्ति सुचारू करने को कहा। साथ ही बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को सही कराने और सड़क से मलबा हटाने को कहा। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों से आपदा में हुए नुकसान का आकलन कर पीड़ितों को जल्द मुआवजा दिलाने को कहा। वहां तेज सिंह चिलवाल, डीकर मेवाड़ी, नरेश चंद्र, त्रिलोक सिंह आदि थे।
बजून-अधौड़ा मार्ग से मलबा हटाने का काम शुरू
नैनीताल जिला प्रशासन की टीम ने रविवार को बजून-अधौड़ा मार्ग का निरीक्षण किया। एसडीएम प्रमोद कुमार ने यहां जेसीबी से मलबा हटवाने का काम शुरू करा दिया है। अधिकारियों को बताया गया कि बजून से करीब पांच किमी पर अधौड़ा की ओर मार्ग पर काफी मात्रा में मलबा आया है। ग्रामीणों ने यहां आवासीय क्षेत्र का मलबा न डालने की अपील की। कहा कि उक्त मलबे को वन विभाग की भूमि पर डाला जा सकता है। इसके लिए वन विभाग के अधिकारियों को लिखित रूप से पत्र दिया जाएगा। फिलहाल ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए जेसीबी से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
सुबह धूप के बाद शाम को छाया कोहरा, 58 मार्ग बाधित
नैनीताल नगर में रविवार को दिनभर मौसम सुहावना बना रहा। सुबह नगर में धूप खिली हुई थी जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। दोपहर होते-होते आसमान में आंशिक बादल छा गए। हालांकि बादल ज्यादा देर नही रहे और मौसम फिर से साफ हो गया। वहीं शाम होते-होते नगर की वादियों में कोहरा छाने लगा लेकिन मौसम सामान्य रहा। झील नियंत्रण कक्ष प्रभारी रमेश गैड़ा ने बताया कि झील का जलस्तर 11 फीट साढ़े तीन इंच पर बना हुआ है और गेट छह इंच खोले गए हैं। जिला आपदा परिचालन केंद्र के मुताबिक जिले में चार राज्यमार्ग, एक अन्य जिला मार्ग और 53 ग्रामीण मार्ग बंद हैं।