फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   अवतार की साजिश या साजिश का शिकार हुआ अवतार

अवतार की साजिश या साजिश का शिकार हुआ अवतार

Haldwani Bureau हल्द्वानी ब्यूरो
Updated Sat, 18 May 2019 02:11 AM IST
विज्ञापन
अवतार की साजिश या साजिश का शिकार हुआ अवतार
demo
हल्द्वानी। भीमताल मार्ग पर सलड़ी में बृहस्पतिवार रात जली कार रुद्रपुर के सिडकुल की फैक्ट्रियों में लेबर सप्लाई करने वाले कांट्रेक्टर अवतार सिंह की निकली लेकिन कार में जली लाश किसकी थी, इसका पता नहीं चल सका है। अवतार सिंह जिंदा है तो कहां है, कार में मिली जली हुई लाश (कंकाल) किसकी थी, कहीं अवतार तो किसी साजिश का शिकार नहीं हुआ या फिर अवतार की साजिश का कोई शिकार हुआ (हुई)। यह ऐसी पहली है, जिसे सुलझाने में पुलिस को नाकों चने चबाने पड़ रहे हैं। पुलिस इस बात की तह में भी जाने की कोशिश में जुटी है कि पत्नी को इलाज के लिए लेकर आया अवतार सिंह अचानक ही उसे रुद्रपुर जाने के लिए कहकर खुद कहां और क्यों चला गया।
विज्ञापन



अवतार की साजिश या साजिश का शिकार हुआ अवतार
सलड़ी के पास जली रुद्रपुर के लेबर सप्लायर की कार में मिला शव किसका, गुत्थी अनसुलझी


अधजले कागज के टुकड़ों से कार मालिक का लगा सुराग
सलड़ी में रुद्रपुर निवासी अवतार सिंह के कार में लगभग सब कुछ खाक हो गया लेकिन उसमें इंश्योरेंस के कागज के टुकड़े बचे थे। इस पर कार का नंबर मिला। इसी के आधार पर पुलिस ने अवतार सिंह की कार होने की जानकारी मिली।
विज्ञापन


शव की पहचान के लिए होगी डीएनए जांच
सलड़ी में कार में जले शव की शिनाख्त नहीं हो रही है। पुलिस को आशंका है कि शव अवतार सिंह का भी हो सकता है और किसी अन्य का भी। पहचान के लिए पुलिस शव का डीएनए टेस्ट कराएगी। डीएनए के लिए पुलिस अवतार सिंह के बच्चों और पिता का ब्लड सेंपल लेगी। जांच रिपोर्ट से साफ होगा कि शव अव तार का है या किसी और का।
विज्ञापन
विज्ञापन


टेढ़ी पुलिया और रानीबाग के बीच 38 मिनट कहां रहा अवतार
काठगोदाम क्षेत्र में सीसीटीवी में कार 6:15 बजे टेढ़ी पुलिया और 6:53 बजे रानीबाग में दिखी है। यह कार अवतार सिंह की बताई जा रही है। अब सवाल उठ रहा है कि टेढ़ी पुलिया और रानीबाग के बीच करीब 38 मिनट वह कहां रहा। माना जा रहा है कि वह 38 मिनट किसी के साथ बैठा रहा। अब भी अवतार का नंबर बंद है।

रविवार को होगा पोस्टमार्टम
हल्द्वानी। रुद्रपुर से आए अवतार सिंह के परिजनों की मौजूदगी में भीमताल पुलिस ने शव का पंचनामा भरा और शव का पोस्टर्माटम के लिए भेजा। फिलहाल पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य प्रो. सीपी भैसोड़ा के अनुसार नियमानुसार ऐसे मामलों में शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक पोस्टमार्टम नहीं होता है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।

पुलिस ने नंबर सर्विलांस पर लगाया
भीमताल। पुलिस अवतार सिंह का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया है। पुलिस बृहस्पतिवार तक अवतार सिंह के नंबर से कितने लोगों से बात हुई इसकी जांच कर रही है। कॉल डिटेल से यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवतार सिंह ने अंतिम समय में किससे बात की। पुलिस को सर्विलांस से कार में शव जलने की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है।

पत्नी को डॉक्टर को दिखाने के बाद कहां चला गया अवतार
हल्द्वानी। अवतार सिंह रुद्रपुर से पत्नी को इलाज के लिए हल्द्वानी लाया था। पत्नी को डॉक्टर को दिखाने के बाद वह उससे रुद्रपुर जाने को कहकर खुद कार लेकर कहीं चला गया। इसके करीब एक घंटे बाद कार के साथ एक व्यक्ति के जलने की यह घटना सामने आई। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अवतार को अचानक कहां और क्यों जाना पड़ा। उसको किसी ने बुलाया था या फिर उसका जाना पूर्व नियोजित था। इसके लिए कॉल डिटेल का भी सहारा लिया जा रहा है।
मूलरूप से हरियाणा के अंबाला का रहने वाला अवतार सिंह पुत्र गुलजार सिंह (40 वर्ष) पहले गुरुग्राम में अपने भाई के साथ काम करता था। उसके परिवार की वहां पर केमिकल फैक्ट्री है। अवतार करीब नौ साल पहले रुद्रपुर आ गया था। यहां उसने सामिया लेक सिटी में मकान लिया और सिडकुल की फैक्ट्रियों में लेबर सप्लाई का काम करने लगा।
अवतार सिंह की पत्नी नीलम सिंह मूलरूप से बागेश्वर जिले के बनलेख ग्राम कोराली की रहने वाली है। वह पहले 2003 में गुरुग्राम में रहती थी। इसी दौरान अवतार सिंह से मुलाकात हुई और उसने अवतार सिंह से 2006 में प्र्रेम विवाह किया था। शादी दोनों परिवारों की मर्जी से हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं। बेटी बड़ी और बेटा छोटा है। करीब 15 दिन से अवतार की पत्नी नीलम (38 वर्ष) बीमार थी। उनका इलाज चल रहा था। बृहस्पतिवार को कार यूके06-एएफ-8111 से अवतार सिंह पत्नी को लेकर शाम को यहां इलाज कराने आए थे। सिंधी चौक के समीप ही एक चिकित्सक को पत्नी को दिखाया और दवाई ली। इसके बाद छह बजे के करीब नीलम को बस स्टैंड पर छोड़ दिया और रुद्रपुर जाने को कहा। अवतार ने नीलम से किसी परिचित से मिलकर थोड़ी देर में आने की बात कही। पत्नी नीलम करीब सात बजे बस में बैठी। बस में सवार होने के बाद नीलम ने पति को 7:22 से लेकर फोन मिलाया। लेकिन फोन बंद जा रहा था। नीलम करीब नौ बजे अपने घर पहुंची और पति को फोन मिलाया। उसने हरियाणा में रहने वाली अपनी ननद को भी फोन मिलाकर पति का फोन बंद जाने की जानकारी दी थी।

पुलिस इसमें भी तलाश रही क्लू, किसी ने बुलाया था या खुद चला गया
14 साल पहले अवतार और नीलम का हुआ था प्रेम विवाह



तीन साल सोसायटी के अध्यक्ष रहे अवतार
अवतार सिंह रुद्रपुर के सामिया लेक सिटी सोसायटी के तीन साल तक अध्यक्ष भी रहे। बाद भी उन्होंने अध्यक्ष पद छोड़ दिया था। वह धार्मिक आयोजनों में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते रहे। उनकी पत्नी के साथ काठगोदाम आए कालोनी के लोगों ने बताया कि वह मिलनसार स्वभाव के और स्पष्टवक्ता के रूप में जाने जाते हैं।


सवाल
- इलाज के लिए पत्नी को लाने के लिए बाद अचानक अवतार उसे छोड़कर क्यों चला गया
- अगर किसी ने बुलाया था, तो वह कौन था?
- टेढ़ी पुलिया से रानीबाग के बीच 38 मिनट वह कहां रहा
- अगर पहाड़ की तरफ गया तो थोड़ी देर में ही कार हल्द्वानी के लिए क्यों मोड़ दी
- कार में जला शव महिला का है या पुरुष का
- अगर शव अवतार का नहीं है, तो लाश किसकी है। अवतार कहां गया।
- ड्राइविंग सीट छोड़कर बगल वाली सीट पर क्यों बैठा था
- परिजनों के मुताबिक अवतार नशे का आदी नहीं था तो कार के पास बीयर की बोतल कहां से आई
- लाश के साथ सबूत को ठिकाने लगाने के लिए तो नहीं लगाई कार में आग
- स्टार्ट कार में हार्न क्यों बज रहा था।
अब तक इन बिंदुओं पर पुलिस की जांच
- सीसीटीवी चेक किए गए हैं, इसमें कार नैनीताल की तरफ जाते हुए दिख रही है।
- जांच में फोरेंसिक, एसओजी, फायर ब्रिगेड की टीम के साथ दो थाने की पुलिस लगी
- जांच में आग लगाने के संकेत मिले हैं
- कार में आग लगने के बाद कार सवार की मौत हुई या फिर मौत के बाद जलाया गया है, इसका पता पोस्टमार्टम से लगने की उम्मीद है
- मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए गए
- ऊधम सिंह नगर पुलिस से मांगी गई मदद


कार में लाश रख पेट्रोल डालकर फूंका गया
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
हल्द्वानी। हल्द्वानी-भीमताल मार्ग पर सलड़ी में 16 मई को कार में आग एसी से नहीं लगी थी। सूत्रों के अनुसार पुलिस को प्रथम दृष्ट्या ऐसे साक्ष्य मिले हैं। ऐसे संकेत है कि हत्या कर लाश को कार में रखा गया और बाद में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। हालांकि अभी तक पुष्ट तौर पर पुलिस कुछ नहीं कह रही है। एसएसपी का कहना है कि हत्या और हादसा दोनों एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
सलड़ी में बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे एक सफेद रंग की कार में आग लग गई थी। भीमताल और काठगोदाम की पुलिस के साथ ही फॉरेंसिक लैब के संयुक्त निदेशक डॉ. दयाल शरण ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की। सूत्रों की मानें तो घटनास्थल पर पुलिस को प्रथम दृष्टया जो साक्ष्य मिले हैं उनसे पता चल रहा है कि हत्या करने के बाद शव सीट पर रखकर पेट्रोल डालकर आग लगाई गई होगी। परिस्थितिजन्य साक्ष्य भी हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। यह भी माना जा रहा है कि जानबूझ कर कार को स्टार्ट रखा गया और उसका हॉर्न भी बज रहा था। कार का हैंडब्रेक भी लगा हुआ था। पुलिस भी हत्या से इनकार नहीं कर रही है। साथ ही दुर्घटना का ध्यान रखकर भी जांच कर रही है।


कार में लाश जिस तरह जली है उससे लग रहा है कि एसी चलाते वक्त आग लग गई है। यह भी हो सकता है कि लाश को रखकर आग लगाई गई है। पुलिस दोनों एंगल से इस मामले को देख रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामले का खुलासा होगा।
सुनील कुमार मीणा, एसएसपी, नैनीताल

कार में आग लगी नहीं लगाई गई थी : सीएफओ
भीमताल (नैनीताल)। हल्द्वानी-भीमताल मार्ग पर सलड़ी में बृहस्पतिवार की रात सड़क किनारे कार में लगी आग से जलकर राख हुई कार का शुक्रवार को फायर ब्रिगेड सीओ संजीवा कुमार ने सलड़ी में पहुंचकर जायजा लिया। सीएफओ संजीवा कुमार ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि कार में आग लगी नहीं लगाई गई है। कार में जिस तरह से आग लगी है, उससे अंदाजा लग रहा है कि कार में आग शार्ट सर्किट से नहीं लगी है। कुमार ने कहा कि अगर कार में आग शार्ट सर्किट से लगी होती तो कार बोनट से जलती लेकिन कार सीट से जली है। इससे प्रतीत होता है कि कार में आग प्लान के तहत लगाई गई होगी। कुमार ने फायर ब्रिगेड टीम के साथ जली हुई कार की स्थिति का गहन परीक्षण करने के बाद ये बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे किसी ने कार के अंदर सीट पर और कार के बाहर तेल डालकर आग लगा दी होगी।

कार्बन से खुलेगा मौत का राज
कार में मिली जली लाश का राज कार्बन से खुलेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेफड़ों में कार्बन जाने का पता चलेगा। दरअसल, कार में अगर जिंदा आदमी बैठा होगा तो आग लगने पर उसने सांस ली होगी। सांस के साथ ही उसके फेफड़ों में कार्बन चला गया होगा। अगर किसी को मार कर सीट पर रखा गया होगा और उसके बाद आग लगाई गई होगी तो कर्बन फेफड़ों में नहीं जाएगा।

कार जलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
कार में आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने मोबाइल से इसका वीडियो बनाया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में आग भड़कने के बाद युवक आग बुझाने के लिए चर्चा भी कर रहे हैं लेकिन आग भड़कने के बाद कोई भी मौके पर नहीं गया। इनमें से एक ने पुलिस को कार में आग लगने की सूचना भी दी।


पत्नी को रुद्रपुर कोतवाली से कार में लाश मिलने की जानकारी हुई
सुबह पांच बजे अवतार की पत्नी ने अपने रिश्तेदारों को फोन किया लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद वह करीब 7.30 बजे रुद्रपुर कोतवाली पहुंची। यहां पुलिस ने भीमताल में एक कार में आग लगने और उसमें शव बरामद होने की जानकारी दी। इस पर अवतार की पत्नी नीलम घटनास्थल पर पहुंची। उसने भी पति की कार होने की बात कही।

कार मालिक की पत्नी से दो घंटे पुलिस ने पूछे सवाल
सलड़ी में जलती कार में लाश मिलने के बाद कार मालिक अवतार सिंह की पत्नी से पुलिस व एसओजी ने कई मुद्दों पर दो घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान घर परिवार, हल्द्वानी आने, अवतार के छोड़कर जाने, फोन बंद होने और रिश्तेदारों के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने महिला के दोनों नंबरों की भी जांच की। नीलम के साथ उसकी कालोनी के कई लोग भी पहुंचे थे। इनके सामने ही पुलिस ने महिला से पूछताछ की।

भीमताल से अमृतपुर मार्ग है बेहद सुनसान, सलड़ी वासियों में दहशत
भीमताल-अमृतपुर मार्ग जंगलों के बीच है। रास्ता बेहद सुनसान होने से अपराधियों के लिए घटना को अंजाम देना आसान होता है। अमृतपुर मार्ग तक सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं। पुलिस की नियमित चेकिंग भी नहीं होती। भीमताल-अमृतपुर मार्ग में वर्ष 2015 में दो युवतियों को मारने के बाद सलड़ी और क्वाराली मार्ग पर फेंक दिया गया था। 2017 में सलड़ी में सड़क किनारे एक महिला की अधजला शव बरामद हुआ था जिसकी आज तक पुलिस शिनाख्त नहीं कर सकी।
सलड़ी में जिस तरह से शवों के मिलने की घटनाएं बढ़ रही हैं, उससे स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सलड़ी में वर्ष 2015 से 2019 तक तीन शव महिलाओं के मिले लेकिन पुलिस आज तक शिनाख्त नहीं कर पाई जो बड़ा सवाल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।


सड़क के एक बड़े हिस्से में काम नहीं करते मोबाइल
हल्द्वानी। रानीबाग-भीमताल रोड के एक बड़े हिस्से में मोबाइल कंपनियों का नेटवर्क ठीक न होने के कारण फोन भी काम नहीं करते हैं। इसका फायदा भी अपराधियों को मिलता है। भीमताल से क्वैराली तक फोन काम करते हैं लेकिन उससे आगे सिग्नल गायब हो जाते हैं। सलड़ी और चंदादेवी के मध्य कभी कभार किसी मोबाइल में नेटवर्क आ भी जाता है तो या तो आवाज नहीं सुनाई देती या फिर कट कट कर आवाज आती है। ऐसे में लोग जरूरत पड़ने के बाद भी संदेश का आदान प्रदान नहीं कर पाते हैं। जिस स्थान पर बृहस्पतिवार की रात को गाड़ी में आग लगी वहां भी मोबाइल नेटवर्क कमजोर है। क्वैराली में रेस्टोरेंट चलाने वाले राजू बोहरा बताते हैं कि कई बार जिला प्रशासन को पत्र भेजकर भीमताल-रानीबाग रोड में मोबाइल नेटवर्क ठीक कराने की मांग की जा चुकी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed