Haldwani News: सुरक्षा की पटरी पर विकास का पहिया धीमा, लगातार हो रही बारिश से स्टेडियम पर मंडरा रहा खतरा
बरसात से पहले शुरू किए गए विकास कार्य अब तक पूरे नहीं हो पाए हैं। चोरगलिया रोड का चौड़ीकरण, स्टेडियम की काउंटर फोर्ट वॉल और रेलवे पटरी की सुरक्षा दीवार का काम अब तक आधा ही हुआ है। जन सुरक्षा के लिहाज से हो रहे कार्य की विकास की रफ्तार बेहद धीमी है।
विस्तार
बरसात से पहले शुरू किए गए विकास कार्य अब तक पूरे नहीं हो पाए हैं। चोरगलिया रोड का चौड़ीकरण, स्टेडियम की काउंटर फोर्ट वॉल और रेलवे पटरी की सुरक्षा दीवार का काम अब तक आधा ही हुआ है। जन सुरक्षा के लिहाज से हो रहे कार्य की विकास की रफ्तार बेहद धीमी है। अभी मानसून की शुरुआत ही हुई है। ऐसे में भारी बारिश होने पर तीनोें जगह गौला नदी से खतरा बना हुआ है।
वर्ष 2022 में गौला नदी के उफान से चोरगलिया रोड पर रेलवे फाटक के पास रेलवे का ट्रैक संख्या एक खतरे की जद में आ गया। सुरक्षा की दृष्टि से पटरी पर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया। दो साल बाद भी ट्रैक की सुरक्षा के लिए सीमेंट के ब्लॉक लगाने का काम पूरा नहीं हो सका है।
लोक निर्माण विभाग भी क्षतिग्रस्त चोरगलिया रोड को एक साल में बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए नहीं खोल पाया है। पिछले साल सितंबर में गौला से सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस सड़क पर रेलवे पटरी की ओर चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है, वह भी अब तक पूरा नहीं हो पाया।
गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर अब भी खतरा मंडरा रहा है। सिंचाई विभाग की ओर से स्टेडियम को बचाने के लिए इस साल फरवरी में 36 करोड़ की लागत से काउंटर फोर्ट वॉल का निर्माण शुरू किया गया। 410 मीटर लंबी और 9.50 मीटर ऊंची इस दीवार का काम अब तक 47 फीसदी ही पूरा हो पाया है।
बरसात में लगता गौला से डर
चोरगलिया रोड पर लंबे समय से एक ओर से वाहनों की आवाजाही हो रही है। इससे गौलापार के गांवों के साथ ही चोरगलिया क्षेत्र तक के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार तो ग्रामीण व जनप्रतिनिधि धरने पर बैठ चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। तिरपाल के सहारे सड़क को और अधिक नुकसान से बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अधिकारी आश्वासन से आगे नहीं बढ़ते और समस्या जस की तस बनी हुई है। चोरगलिया रोड का गौला की की ओर से सुरक्षा दीवार का मामला भी अभी लटका है। इसका प्रस्ताव भी सिंचाई विभाग ने तैयार किया है। केवल लोनिवि यहां जाल लगाने जा रहा है।
बजट आवंटन में देरी से स्टेडियम की सुरक्षा दीवार का काम फरवरी महीने में शुरू हुआ। इसी महीने नेशनल गेम्स भी यहां कराए गए। इसमें देशभर से खिलाड़ी गौलापार स्टेडियम पहुंचे लेकिन न तो चोरगलिया रोड ठीक हो पाई और न ही गौलापार स्टेडियम की सुरक्षा दीवार का काम पूरा हो पाया।
काम तेजी से किया जा रहा है, इन दिनों बारिश की वजह से क्रंकीट-सीमेंट के कार्य में व्यवधान हो रहा है। जितना काम हो चुका है उससे स्टेडियम को कोई खतरा नहीं। - संजय शुक्ल, मुख्य अभियंता सिंचाई
चोरगलिया रोड के चौड़ीकरण का काम तेजी से किया जा रहा है। लगातार बारिश के कारण निर्माण में बाधा पहुंच रही है। एक दो दिन में नदी की ओर से 1.87 करोड़ की लागत से सड़क के बचाव के लिए जाल लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
- प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि, हल्द्वानी