{"_id":"4108ad0d5034fcb74a33951a75d812f3","slug":"angry-monkey-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"मालिक को पीटा, तो बंदर को गुस्सा आया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मालिक को पीटा, तो बंदर को गुस्सा आया
ब्यूरो/अमर उजाला, हल्द्वानी
Updated Sun, 05 Apr 2015 02:01 AM IST
विज्ञापन
आमतौर पर लोगों ने कुत्ते के वफादारी के मामले ज्यादा सुने हैं, लेकिन बंदर भी वफादारी के मामले में पीछे नहीं हैं। जब मालिक मुश्किल में हो तो वह कुछ भी कर गुजरते हैं। ऐसा ही वाकया शनिवार को रोडवेज बस अड्डे के पास हुआ। बंदर का खेल दिखाकर रोजी-रोटी कमाने वाले राजू पर जब एक युवक ने हमला किया, तो उसके बंदर का पारा चढ़ गया।
विज्ञापन
उसने हमलावर से बदला लेने को उस पर छलांग लगाने के साथ ही झपट्टा मार दिया। इससे घबराया हमलावर बंदर का रौद्र रूप देखकर भाग खड़ा और एक दुकान में छिप गया पर बंदर तो मानने वाला नहीं था, उसने दुकान के बाहर खूब उछलकूद मचाई। इससे लोगों का मजमा लग गया। इसी दौरान सीएम की फ्लीट आने वाली थी, इससे पुलिस कर्मियों के हाथ पांव फूल गए। बाद में पुलिस कर्मियों ने जैसे तैसे स्थिति को काबू में किया।
विज्ञापन
बरेली जिले के इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर रहने वाला राजू अपने बंदर को लेकर रोडवेज परिसर में तमाशा दिखा रहा था। इसके बाद वह लोगों से पैसा मांग रहा था। इस बीच एक युवक से राजू की बहस हो गई। युवक ने राजू को डंडे से पीटकर भागना चाहा। अपने मालिक को पिटता देख बंदर गुस्से में आ गया। मालिक की आंखों से आंसू देखते ही वफादार बंदर गुर्राता हुआ हमलावर की ओर दौड़ा।
विज्ञापन
हमलावर युवक सड़क पार कर लगभग सौ मीटर दूर एक दुकान में छिप गया, जहां बंदर ने उसे घेर लिया। बंदर उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं था। इस बीच दुकानदारों ने राजू को डांटकर बंदर पकड़ने को कहा। राजू अपना घाव दिखाते हुए रोने लगा। डांटने पर वह अपने बंदर को जबरदस्ती पकड़कर रोड पर लाया। राजू का कहना था कि बंदर ने दोस्ती का कर्ज निभाया है। बाद में पुलिस ने राजू को डांट डपटकर भगाया।