कोटद्वार। विकासखंड एकेश्वर की मवालस्यूं पट्टी के अंतर्गत पिलखेरा गांव की सगोड़ा तोक में शुक्रवार रात को गुलदार किचन के बाहर घात लगाकर बैठा था। वह महिला पर हमला करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सफल नहीं हो पाया। परिजनों की उस पर नजर पड़ते ही उन्होंने शोर मचाकर उसे भगा दिया। इस बीच गुलदार ने गांव में आंगन में कुर्सी पर बैठे एक व्यक्ति पर झपट्टा मारने का प्रयास किया, जिसे अन्य लोगों ने शोर मचाकर विफल कर दिया। गांव में गुलदार की सक्रियता से लोगों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीण रूपा देवी ने बताया कि वह शुक्रवार देर शाम करीब 7:30 बजे किचन में खाना बना रही थीं। किचन के बाहर आंगन में गुलदार उस पर हमला करने के लिए घात लगाकर बैठा था। उन्हें इस बात की भनक नहीं थी, तभी उनके जेठ बच्चन सिंह रावत किसी काम से किचन आए तो उनकी नजर गुलदार पर पड़ी। जिसे उन्होंने शोर मचाकर भगा दिया। क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरजीत सिंह रावत ने बताया कि आजकल गांव में देव मंडाण पूजा चल रही है। पूजा की समाप्ति की बाद जब ग्रामीण घर चले गए तो आंगन में कुर्सी पर बैठे ग्रामीण मनोज रावत पर गुलदार ने झपट्टा मारने की कोशिश की। मौके पर मौजूद कुलदीप व कैलाश के शोर मचाने पर गुलदार भाग गया। उन्होंने बताया कि गांव के नजदीक से दिनदहाड़े ही गुलदार नजर आ रहा है। रातभर ग्रामीणों को गुलदार के गुर्राने की आवाज़ सुनाई दे रही थी। जिससे ग्रामीण दहशत में हैं। क्षेत्र के सगोड़ा, मैंणा, पिलखेरा, मुसासू, बैंदुल, मरड़ा, बुरसोली, रणस्वा, धरासू, पंचूर, ईड़ा, इसोटी, घल्ला, ड्यूल्ड, पालकोट की ग्रामीण महिलाएं मवेशियों के लिए चारा लेने खेतों में जाने में डर रही हैं। सगोड़ा के नजदीकी गांव ढंगसोली में वन विभाग तीन ट्रैप कैमरे व ड्रोन से निगरानी कर रहा है। ढंगसोली तल्ली व ढंगसोली मल्ली में दो पिंजरे भी लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने सगोड़ा गांव में भी ट्रैप कैमरे लगाने की मांग वन विभाग से की है।