आज होगा पवित्र झंडेजी का आरोहण, पहुंचे डेढ़ लाख श्रद्घालु
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी देहरादून के झंडा साहिब में सोमवार को झंडेजी का आरोहण होगा। करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु इस पल के साक्षी बनने के लिए झंडे जी पहुंच चुके हैं।
मुरादाबाद की संगत इस बार पंजाब की संगत से पहले ही पहुंच गई। अब तक 1200 सूती गिलाफ की बुकिंग हो चुकी है। बुकिंग सोमवार सुबह दस बजे तक होती रहेगी। रविवार को दिनभर सादे गिलाफ की सिलाई होती रही। शनील के गिलाफ की बुकिंग वर्ष 2039 तक के लिए हो चुकी है।
दर्शनी गिलाफ की बुकिंग 2108 तक के लिए हो चुकी है। पंजाब और यूपी, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल आदि जगहों से संगत दरबार साहिब पहुंच चुकी है। दरबार साहिब, माता वाला बाग, सभी एसजीजीआर स्कूल और धर्मशालाएं फुल हो चुकी हैं। अब जगह सिर्फ रेसकोर्स के स्कूल में है, हालांकि दूर होने की वजह से संगत वहां नहीं ठहरना चाहतीं।
सोमवार को सुबह आठ बजे झंडे जी नीचे उतारे जाएंगे। इसके बाद सभी पुराने गिलाफ उतार झंडे जी का दूध, दही, घी से अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक के पश्चात शाम को सूती गिलाफ, शनील के गिलाफ और फिर दर्शनी गिलाफ चढ़ेगा। शाम करीब साढ़े चार बजे झंडे जी का आरोहण होगा। इसके बाद महंत देवेंद्र दास सभी को आशीर्वाद देंगे।
सुरक्षा की दृष्टि से बढ़ाए सीसीटीवी
पिछले साल के मुकाबले इस बार सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है। इस बार दरबार साहिब में 30 कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही अधिक पुलिस बल की मांग भी की गई है।
मेला प्रभारी बीपी सकलानी ने बताया कि कैमरों से हर समय दरबार साहिब में आई संगत पर नजर रखी जाएगी। कहीं किसी भी तरह का शक होने पर तुरंत वहां जाकर संगत से बातचीत की जाएगी। संगतों की ओर से भी स्वयं सेवक संस्थाएं बनाई गई हैं, जो व्यवस्थाएं बनाने में सहयोग देंगे।
गुरु मंत्र पाकर सत्ता हुई निहाल
झंडे जी के आरोहण के लिए पहुंची संगत को रविवार को महंत देवेंद्र दास ने गुरु मंत्र दिया। इस मौके पर उन्होंने संगत को सत्य के मार्ग पर चलने की सीख दी। संगत ने महंत का आशीर्वाद लिया। रविवार को दिनभर लोगों ने झंडे जी पर प्रसाद चढ़ाया और मन्नत मांगी।
आपात सेवा के लिए तैनात डॉक्टर
महंत इंद्रेश अस्पताल के डॉक्टरों की टीम 24 घंटे आपात सेवा में तैनात रहेगी। महंत इंद्रेश अस्पताल के डॉक्टरों की ओर से श्रद्धालुओं को निशुल्क दवाई बांटी जाएगी। इसके साथ ही 24 घंटे एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहन की भी व्यवस्था होगी।