स्वास्थ्य विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने आंदोलन के तीसरे चरण में मेयर अनीता शर्मा को मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन जारी किया। मांगों पर कोई कार्रवाई न होने पर कर्मचारियों ने आज बृहस्पतिवार से अन्न ग्रहण किए बिना ड्यूटी करने का निर्णय लिया है।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री दिनेश लखेड़ा के नेतृत्व में नगर निगम स्थित कार्यालय पर मेयर अनीता शर्मा को ज्ञापन सौंपा। दिनेश लखेड़ा ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति, पौष्टिक आहार भत्ता, एक माह का मानदेय, जोखिम भत्ता, लैब सहायक, डार्करूम सहायक, एनएमए, ओटी सहायक की संगत नियमावली संशोधन कर उन पदों पर पदोन्नति किए जाने की मांग है। जिलाध्यक्ष शिवनारायण सिंह और जिला मंत्री राकेश कुमार भंवर ने कहा कि तृतीय चरण के अंतिम दिन जन प्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा गया है। मांगों पर कोई कार्रवाई न होने पर 24 सितंबर से प्रदेश के समस्त चिकित्सा स्वास्थ्य, आयुर्वेद, होम्योपैथ के कर्मचारी अपनी बिना अन्न ग्रहण किए ड्यूटी करेंगे। इस मौके पर ममता, शीशपाल, संगठन मंत्री अरुण कुमार, राजेंद्र तेश्वर, दीपक धवन, अरुण, रजनी आदि शामिल हुए।