टनकपुर (चंपावत)। बस्तिया गांव के किसानों के लिए हाथी मुसीबत बन गए हैं। हाथी रोज खेतों में खड़ी फसलों को रौंदकर किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। समस्या के समाधान के लिए किसान लंबे समय से सोलर फैंसिंग की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांग पर अमल नहीं हो रहा है।
देश भर में इन दिनों कोरोना वायरस के संक्रमण का खौफ बना हुआ है। ऐसे में बस्तिया के किसानों को कोरोना से बचाव के साथ ही हाथियों के झुंड से खेतों में खड़ी फसल बचाना चुनौती बना हुआ है। ग्राम प्रधान कविता धौनी ने बताया कि हाथियों का झुंड पिछले तीन-चार दिनों से शाम होते ही गांव में घुसकर खेतों में खड़ी फसल तबाह कर रहा है। शुक्रवार को भी हाथियों का झुंड शाम करीब साढ़े सात बजे गांव की सीमा में घुस आया। हाथियों ने मान सिंह, सुरेश चंद, नरेंद्र भट्ट, लाल, अमर सिंह, गंगा दत्त की खेत में खड़ी गेहूं की फसल नष्ट की है। उप प्रधान राम सिंह धौनी, पूर्व प्रधान मिलाप सिंह, वार्ड सदस्य सुंदर सिंह आदि ने गांव और जंगल की सीमा पर शीघ्र सोलर फैंसिंग लगाने की मांग की है। संवाद