बनबसा (चंपावत)। प्रथम स्व. कैप्टन भूपाल सिंह थापा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को यंग व्यापार मंडल बनबसा और ठाकुर इलेवन के बीच मुकाबला टाई हुआ। सुपर ओवर में ठाकुर इलेवन की टीम जीती। मुख्य अतिथि व्यापार मंडल उपाध्यक्ष संजय ठाकुर ने टूर्नामेंट का शुभारंभ किया।
यहां मिनी स्टेडियम में खेले जा रहे इस क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को पहले बल्लेबाजी कर यंग व्यापारमंडल ने योगेश के 22 रनों की मदद से 16 ओवरों में सात विकेट पर 102 रन बनाए। ठाकुर इलेवन के हर्षित ने तीन विकेट लिए। ठाकुर इलेवन ने मोनू ठाकुर के 33 रनों की बदौलत 16 ओवरों में 10 विकेट पर 102 रन बनाए। यंग व्यापार मंडल के गेंदबाज सूरज ने चार विकेट लिए। मैच बराबर रहने पर निर्णय सुपरओवर से हुआ, जिसमें ठाकुर इलेवन की जीत हुई। जंगबहादुर थापा, विनोद चंद अंपायर, राजेंद्र सिंह धामी स्कोरर थे। गोल्डी, कपिल, राजेंद्र चंद ने आंखों देखा हाल सुनाया। आयोजक योगेश पांडेय, दीपेंद्र चंद, जगदीश चंद, राकेश चंद आदि ने सहयोग दिया।