उत्तराखंड: भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा पर चंपावत पुलिस और नेपाली अधिकारियों की बैठक, समन्वय बढ़ाने पर जोर
भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा को लेकर चंपावत पुलिस और नेपाली सुरक्षा अधिकारियों के बीच बैठक हुई। बैठक में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर बल दिया गया।
विस्तार
भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा को लेकर चंपावत पुलिस और नेपाली सुरक्षा अधिकारियों के बीच बैठक हुई। बैठक में दोनों देशों के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी, सुरक्षा संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर बल दिया गया।
बृहस्पतिवार को टनकपुर में आयोजित बैठक में एसपी रेखा यादव ने नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ), नेपाल के अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान नेपाल के कंचनपुर और महेंद्रनगर क्षेत्र के सुरक्षा अधिकारियों के साथ विभिन्न सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में भारत-नेपाल सीमा से लगे गांवों और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रखने, सीमा पार होने वाली संदिग्ध एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर साझा करने पर चर्चा हुई।
इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने संभावित सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नियमित संपर्क और बेहतर तालमेल बनाए रखने पर सहमति जताई। इस दौरान सीओ टनकपुर निहारिका सेमवाल और कोतवाली प्रभारी चेतन रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।