टनकपुर (चंपावत)। दिल्ली और देहरादून जाने वाले यात्री अब टनकपुर से एसी बसों में सफर कर सकते हैं। टनकपुर डिपो को चार नई एसी बसें मिली हैं। शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी और एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने हरी झंडी दिखाकर बस को देहरादून के लिए रवाना किया। विधायक ने कहा कि एसी बसों के संचालन से यात्रियों को आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। उन्होंने एआरएम संचालन को यात्रियों की सुविधा के अनुसार बसों का संचालन करने को कहा है।
दिल्ली, देहरादून के लिए एसी बसों का अनुबंध खत्म होने के बाद पिछले एक साल से इन रूटों पर एसी बसों का संचालन बंद था। जिससे यात्रियों को वातानुकूलित सफर नहीं मिल पा रहा था। टनकपुर डिपो को चार नई एसी बसें मिलने के बाद अब एसी बस में सफर करने वाले यात्रियों की समस्या दूर हो गई है। एआरएम संचालन केएस राणा ने बताया कि दिल्ली के लिए एसी बस का संचालन सुबह और शाम होगा, जबकि देहरादून के लिए दोनों बसें रात्रिकालीन सेवा में संचालित की जाएंगी। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि हरीश भट्ट, भाजपा जिला महामंत्री दीपक रजवार, बनबसा मंडल अध्यक्ष संदीप पाठक, दिनेश प्रजापति, निगम गुप्ता, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष अमजद हुसैन, शत्रुघ्न कोठारी, पंकज चंद्र आर्य, रिजवान हुसैन, सुभाष गहतोड़ी, शिवम गोयल आदि थे। संवाद