बनबसा (चंपावत)। नेपाल के निर्माणाधीन पुल और सूखे बंदरगाह को भारतीय भूभाग से जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है। बनबसा के सुदूरवर्ती गांव भैंसाझाला एवं लाटाखल्ला के समीप से नेपाली पुल और सूखे बंदरगाह को जोड़ने के अलावा संयुक्त जांच चौकी (इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट) बनाने को लेकर दिल्ली से आई सर्वे टीम ने यहां जगह चिन्हित कर ली है। संभावना जताई जा रही है कि अब नेपाल के चांदनी गांव से भारत को जोड़ने वाले रास्ते को जगबूड़ा पुल के पास एनएच से जोड़ा जाएगा।
नेपाल सरकार पिछले चार वर्ष से बनबसा सीमा से लगे नेपाल के गांव चांदनी में पुल और कंचनभोग में सूखे बंदरगाह का निर्माण करवा रही है। इसकी चेकिंग को लेकर भारत में कस्टम, इमिग्रेशन चेकपोस्ट एवं सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त जांच चौकी (इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट) का निर्माण अब बनबसा के गढ़ीगोठ के भैंसाझाला में किया जाएगा। पहले इसका निर्माण बनबसा से नेपाल जाने वाले वैधानिक मार्ग पिलर संख्या सात के पास किया जाना था लेकिन अब इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट का निर्माण भारत नेपाल सीमा पिलर संख्या 11 के निकट भैंसाझाला एवं लाटाखल्ला गांव के समीप होगा। इसके लिए लैंडपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के प्रमोद कुमार एवं राइट्स लिमिटेड कंपनी के जीएम बीएस सेहरावत, डीजीएम एसपी लाल, जेजीएम आशुतोष जसपाल के अलावा सर्वे टीम में आए सदस्यों ने जगह का चयन कर लिया है। संयुक्त जांच चौकी का निर्माण 40 हेक्टेयर जमीन पर किया जाएगा।