{"_id":"58a5d1b34f1c1b5833d87479","slug":"lohaghat-water-crisis-deepens","type":"story","status":"publish","title_hn":"लोहाघाट में चार दिन बाद मिल रहा पानी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लोहाघाट में चार दिन बाद मिल रहा पानी
ब्यूरो/अमर उजाला, लोहाघाट (चंपावत)
Updated Thu, 16 Feb 2017 09:52 PM IST
विज्ञापन
लोहाघाट में पानी का संकट गहराया
- फोटो : अमर उजाला
लोहाघाट (चंपावत)। गर्मी शुरू होने से पहले शहर में पेयजल के लिए हाहाकार मचना शुरू हो गया है। हालात यह है कि नगर क्षेत्र में चौथे-पांचवें दिन जलापूर्ति हो पा रही है। इन हालातों से लोग नाराज हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा का कहना था कि हथरंगिया, मीना बाजार, ऋषेश्वर, सार्कीटोला, कचहरी, बजरंगबली, ठाड़ाढुंगा वार्डों में लोगों को चौथे और पांचवें दिन पानी मिल पा रहा है।
विज्ञापन
उसमें भी महज 20 से 30 मिनट ही पानी मिल पा रहा है और ये पानी जरूरत के सापेक्ष बेहद कम है। लोग पानी के लिए हैंडपंपों, गाड़-गधेरों की दौड़ लगाने को मजबूर हैं। वहीं नागरिकों का आरोप है कि कई जगह पाइप लाइनों में लीकेज होने से काफी पानी बर्बाद हो रहा है। टैंकरों से मैन टैंकों में जलापूर्ति कर व्यवस्था में सुधार की मांग की गई है। पंचायत अध्यक्ष ने शीघ्र व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर जनता को साथ लेकर आंदोलन करने के अलावा जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी गई है।
विज्ञापन
लोहाघाट नगर क्षेत्र में हर रोज 1620 किलोलीटर पानी चाहिए, मगर इसके सापेक्ष मात्र 485 किलोलीटर पानी ही मिल पा रहा है। बनस्वाड़ पेयजल योजना से 24 घंटे में मात्र 30 हजार लीटर ही पानी मिल पा रहा है, जबकि चौड़ी लिफ्ट पेयजल योजना से 400 केएल, ऋषेश्वर नलकूप से 30 केएल और फोर्ती से 25 केएल पानी मिल पा रहा है।
विज्ञापन