लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के ग्राम सभा सुई पऊ के छमनियां तोक में पेयजल की आपूर्ति नहीं सुधर सकी है। पेयजल किल्लत के कारण यहां सरकारी कर्मचारियों सहित ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पेयजल समस्या का जल्द समाधान न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने बताया सप्ताह में दो-तीन दिन ही नलों से नाकाफी पानी मिल पा रहा है। इस कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। किराए के मकानों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को अधिक परेशानी हो रही है। लोगों का अधिकतर समय पानी ढोने में ही बीत जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। यहां स्थित प्राथमिक विद्यालय पऊ, रोडवेज डिपो कार्यशाला समेत बाराकोट ब्लॉक के ग्रामसभा तड़ाग में भी पेयजल संकट है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के लिए बनी पेयजल योजना के स्रोत में जल स्तर कम होने से पानी की कमी बनी है। लोग दिन-रात पानी की व्यवस्था करने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के लिए सिरतोली-तड़ाग पेयजल योजना बनी थी, बाद में जिसे ग्राम पंचायत को सौंप दिया गया। गर्मी बढ़ने से पेयजल स्रोत में पानी कम होता जा रहा है। होशियार सिंह बोहरा ने बताया गांव के ग्रामीण रातभर जागकर कर पानी भरने के लिए मजबूर हो रहे है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन जल संस्थान विभाग से टैंकर और पिकअप से पानी बांटने की मांग की है।