चंपावत/लोहाघाट। जिले के वनों में लगी आग नहीं बुझ सकी है। विकासखंड बाराकोट में पश्चिमी छीड़ा बीट में लड़ीधूरा के जंगल और लोहाघाट के गलचौड़ा के जंगलों भीषण आग लगी है जबकि देवीधुरा और पाटी के बीच भी कई स्थानों पर आग सुलग रही है। आग लगने से कई हेक्टेयर वन क्षेत्र में वनों और वन्य जीवों को काफी नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में छोटे बड़े सैकड़ों पेड़, पौधे जल गए हैं।
लड़ीधुरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नगेंद्र कुमार जोशी ने बताया कि बुधवार को बाराकोट के पश्चिमी छीड़ा बीट और गलचौड़ा में जंगलों में भयंकर आग लगी थी। नगेंद्र का आरोप है कि आग बुझाने के लिए कहीं भी वन कर्मी नहीं दिखे। आग से वन संपदा को भारी नुकसान हुआ है। जंगली जानवरों के आशियाने जल गए हैं। लोगों ने जंगलों को आग से बचाने के लिए आपदा प्रबंधन की तर्ज पर हरसंभव उपाय करने की मांग की है। नगेंद्र ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने लड़ीधूरा के जंगल में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तेज हवाओं के साथ धधक रही आग बेकाबू होकर जंगलों में तांडव मचा रही है। मोटर मार्ग किनारे लगी आग से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। आग से जले पेड़ और उनके सहारे अटके पत्थर सड़क पर गिरने से हादसों का भी खतरा है। उन्होंने जंगलों में फायर लाइन खींचकर बारूद बन रहे पिरूल को नष्ट करने की मांग की है। वहीं रेंजर दीप जोशी का कहना है कि जंगल में लगी आग बुझाने के लिए वन कर्मी दिन-रात जुटे हैं।