टनकपुर (चंपावत)। शारदा के अप स्ट्रीम में खोलने समेत चार सूत्री मांगों को तहसील में धरना-प्रदर्शन शुरू करने से पूर्व मां शारदा शक्तिमान ट्रक खनन यूनियन का शिष्टमंडल क्षेत्रीय विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष की अगुवाई में देहरादून जाकर मुख्यमंत्री से मिलेगा। सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष की मौजूदगी में हुई संघर्ष समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया है।
शारदा में खनन खुले एक माह से अधिक समय हो गया है, लेकिन अप स्ट्रीम में खनन पर वन विभाग की ओर से रोक लगाने और अन्य समस्याओं के चलते अब तक कारोबारियों ने खनिज निकासी शुरू नहीं की है। कारोबारी अप स्ट्रीम में खनन खोलने, डाउन स्ट्रीम में तौल कांटों की संख्या बढ़ाने, निजी भंडारकों को भी आरबीएम और पत्थरों के भंडारण की अनुमति देने और बैराज से नेपाल के लिए निर्मित हो रही नहर निर्माण के लिए खनिज ढुलान में स्थानीय वाहनों को प्राथमिकता दिए जाने की मांग पर अड़े हैं। दो दिन पहले यूनियन ने संघर्ष समिति गठित कर एक सप्ताह के अंदर मांग पूरी नहीं होने पर तहसील में धरना-प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया है। सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष की मौजूदगी में समिति ने बैठक कर तय किया है कि आंदोलन से पूर्व संघर्ष समिति का शिष्टमंडल क्षेत्रीय विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में देहरादून जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनसे समस्याओं के समाधान की गुहार लगाएगा। बैठक में शक्तिमान ट्रक खनन यूनियन के अध्यक्ष आनंद सिंह महर अन्नी, उपाध्यक्ष अमजद हुसैन, पूर्व अध्यक्ष जीडी खुल्लर, मनोज गुप्ता मन्नू, नजीर हुसैन आदि मौजूद थे।