{"_id":"fb819d1239ab3cce2881ba07278b24a4","slug":"max-theft-of-taxi-union-secretary-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"टैक्सी यूनियन के सचिव की मैक्स चोरी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
टैक्सी यूनियन के सचिव की मैक्स चोरी
ब्यूरो/अमर उजाला, टनकपुर
Updated Sun, 10 Jan 2016 10:08 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर के बीच न्यू टैक्सी स्टैंड से वाहन चोरों ने टैक्सी यूनियन के सचिव की मैक्स गाड़ी चुरा ली। पुलिस टीमें वाहन और चोरों की तलाश में भेजी गई है। बहरहाल खबर लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक पूर्णागिरि टैक्सी यूनियन के सचिव श्याम सुंदर शर्मा की मैक्स टैक्सी (यूके03/4875) शनिवार रात न्यू टैक्सी स्टैंड में खड़ी थी। सुबह जब चालक गाड़ी लेने वहां पहुंचा तो गाड़ी गायब थी। चालक ने फौरन वाहन स्वामी और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और चालक से पूछताछ कर गाड़ी का पता लगाने में जुट गई। पुलिस और वाहन मालिक सुबह से ही गाड़ी की खोज में जुटे रहे, लेकिन देर रात तक न तो चोरों के बारे में कुछ पता लग पाया था और न ही गाड़ी के बारे में।
विज्ञापन
कोतवाल बीएल विश्वकर्मा ने बताया कि वाहन चोरी की सूचना के बाद पुलिस की तीन अलग-अलग टीमों को संभावित स्थानों पर भेजा गया है। कोतवाल के मुताबिक चोरों ने घटना को तड़के करीब दो बजे के आसपास अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि पीलीभीत चुंगी के पास एक व्यापारी के प्रतिष्ठान में लगे सीसी टीवी की फुटेज से जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
वाहन के सायरन से अपराधियों पर खौफ की कोशिश
ठंड के मौसम में चोर वैसे ही सक्रिय हो जाते हैं और फिर यहां तो जनता के रक्षकों का ही भारी टोटा है तो सुरक्षा कैसे हो। नेपाल सीमा से लगे चंपावत जिले में पुलिस की सुरक्षा का हाल बेहद खराब है। फोर्स की भारी कमी से इस सीमांत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है। कोतवाली में न तो पर्याप्त फोर्स है और न ही खुफिया तंत्र के पास पर्याप्त स्टाफ। आलम यह है कि रात के वक्त वाहन का सायरन बजाकर पुलिस अपराधियों पर खाकी का खौफ बनाने की कोशिश कर रही है।
कोतवाल की हुई तैनाती
वाहन चोरी की घटना के बाद यहां कोतवाल की तैनाती कर दी गई है। अब तक रिक्त कोतवाल के पद पर इंस्पेक्टर बीएल विश्वकर्मा को तैनात किया गया है। नवनियुक्त कोतवाल ने रविवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
पता चला है कि यह टैक्सी मोटर साइकिल की चाभी से भी खुल जाती थी। चोरी का जल्द सुराग लगाया जाएगा। तहरीर मिलने पर थाने को मुकदमा दर्ज कराने को कहा गया है। सभी एंगल से मामले की जांच की जाएगी। -दिलीप सिंह कुंवर, एसपी, चंपावत।
पुलिस पर भी उठेंगे सवाल
चंपावत। बीते एक साल में ही चंपावत जिले में चार वाहनों की चोरी का खुलासा नहीं हो सका है। पिछले साल 16-17 जून की रात को चंपावत से अल्मोड़ा के सुरेश राम की जीप चोरी हुई थी। तकरीबन सात माह होने को हैं, लेकिन जीप चोरों का अतापता नहीं लग सका। पुलिस ने एक स्कैच भी बनाया था, लेकिन फिर भी उसके हाथ आज तक खाली है। इस चोरी के अलावा जिले में तीन दुपहिया वाहनों की चोरी भी हुई। बनबसा से दो दोपहिये वाहन और टनकपुर से एक दोपहिया वाहन चोरी का भी अतापता नहीं लग पाया। और अब टनकपुर से उड़ी टैक्सी पुलिस के लिए नया सिरदर्द है। इन तमाम चोरियों का सुराग नहीं लगने से उसकी काबिलियत पर भी सवाल उठ रहे हैं।