चंपावत। जिले के अमोड़ी कॉलेज के भवन का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। इस भवन का निर्माण तीन साल में भी पूरा नहीं हो पाया है। इससे नए शिक्षा सत्र में भी छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
प्राचार्य डॉ.कमला जोशी ने शुक्रवार को कॉलेज के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी प्रकट की। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से समय पर पैसा मिलने के बाद भी ठेकेदार की ओर से कार्य को समय से नहीं किया जा रहा है। एक मंजिला भवन तैयार होने के बाद दूसरी मंजिल के छत की सेटरिंग किए हुए चार माह का समय बीत गया है, लेकिन अभी तक छत नहीं डाली गयी है। प्राचार्य ने एक बार फिर से ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए है। इस अवसर पर अनिल राणा, महेश लाल, दशरथ बोहरा आदि मौजूद रहे। बताते चलें कि अमोड़ी कॉलेज को वर्ष 2016 में स्वीकृति मिली थी। वर्तमान में कॉलेज का संचालन जीआईसी के दो कमरों में किया जा रहा है।