टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के उपाध्यक्ष की दुकान में तड़के अचानक आग लग गई। इससे पहले की आग पर काबू पाया जाता दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जल गया। दुकान स्वामी के मुताबिक पांच से छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह शॉर्टसर्किट बताया जा रहा है।
पूर्णागिरि धाम के सेलागाड़ स्थित मंदिर समिति उपाध्यक्ष नीरज पांडेय की दुकान में तीन कर्मचारी सोए थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे कुछ जलने की गंध आने पर कर्मचारियों ने उठकर देखा तो दुकान में आग लगी थी। शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और दुकानों के कर्मचारी आग बुझाने दौड़े और जैसे-तैसे आसपास की दुकानों में डंप पानी से आग बुझाई। दुकान स्वामी मंदिर समिति उपाध्यक्ष नीरज ने बताया कि आग से दुकान में रखा करीब पांच से छह लाख रुपये का नारियल, प्रसाद, चुनरी, पूजा सामग्री जली है। दुकान स्वामी ने शॉर्टसर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। अग्निशमन विभाग, पुलिस, राजस्व विभाग को घटना की सूचना दी है।