बागेश्वर। विकास भवन रोड पर राम मंदिर के पास नगरपालिका कूड़ादान बना रही है। मंदिर के पास कूड़ादान बनाने से वेणीमाधव वार्ड की महिलाओं में नाराजगी है। शनिवार को महिलाओं ने मौके पर पहुंचकर अपनी नाराजगी जताई और आंदोलन की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि यह जगह ऐतिहासिक नुमाईशखेत मैदान से लगी है। जहां पर तमाम तरह के सांस्कृतिक कार्य होते हैं। इसके अलावा विकास भवन को जाने वाला भी यह मुख्य मार्ग है। चिह्नित स्थल के पास ही राम मंदिर और हनुमान मंदिर है। मंदिर में रोजाना कई लोग आते हैं। पालिका जिस स्थान पर कूड़ादान बना रही है, वहां पर ट्रांसफार्मर लगाया गया है।
जो कि भविष्य में कूड़े में आग लगने पर खतरे का कारण बन सकता है। कूड़ादान बनने से यहां गंदगी का ढेर लग जाएगा। इससे उठने वाली गंध लोगों के घरों तक पहुंचेगी। महिलाओं ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी राजदेव जायसी को ज्ञापन भी दिया है। इसमें कूड़ेदान को अन्यत्र बनाने की मांग की गई है। महिलाओं ने सार्वजनिक शौचालय के नीचे कूड़ादान बनाने का सुझाव दिया है जिससे कि किसी को परेशानी न हो। विरोध करने वालों में वेणीमाधव वार्ड के सभासद नवीन चंद्र आर्या, मोहनी देवी, बसंती देवी, जीवंती कांडपाल आदि थे।