बागेश्वर। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर डीएम विनीत कुमार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे अंक प्राप्त करने वाली 10 बालिकाओं को ढाई हजार-ढाई हजार रुपये और दुर्गम भौगोलिक, आर्थिक परिस्थितियों में उच्च शिक्षा ग्रहण करने वालीं 15 मेधावी बालिकाओं को एक हजार-एक हजार रुपये देकर सम्मानित किया।
रविवार को विकास भवन सभागार में हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत मेधावी बालिकाओं के सम्मान कार्यक्रम में डीएम ने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों में संघर्षशील रहते हुए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं ने अपने माता-पिता और जिले का गौरव बढ़ाया है। कहा कि जीवन में निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बड़ी सोच के साथ कड़ी मेहनत और लगन होना जरूरी है। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए नियमित योग और व्यायाम करें। सीडीओ डीडी पंत ने कहा कि बालिकाओं का अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। कार्यक्रम में डीडीओ केएन तिवारी, एपीडी शिल्पी पंत, एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, प्रमोद कुमार, जयवर्द्धन शर्मा, डिग्री कॉलेज की प्राचार्य अंजू अग्रवाल, सीईओ पद्मेंद्र सकलानी, जिला समाज कल्याण अधिकारी बीसी जोशी, डीपीआरओ रामपाल सिंह, डीएसओ अरुण कुमार वर्मा, प्रवक्ता दीप जोशी आदि थे।