बागेश्वर। उत्तराखंड राज्य आंदोलन में शामिल रहे चिह्नित आंदोलनकारियों ने प्रमाणपत्र बहाल करने की मांग के लिए प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने डीएम के माध्यम से गृह मंत्रालय के सचिव को ज्ञापन भेजा। उच्च न्यायालय के आदेशानुसार राज्य आंदोलनकारी का सम्मान देने की मांग की।
जिले के चिह्नित राजय आंदोलनकारी लंबे समय से प्रमाणपत्र के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आंदोलनकारियों ने कहा कि वर्ष 2009 में चयनित 352 राज्य आंदोलनकारियों ने संपूर्ण साक्ष्य राजस्व प्रशासन और शासन के तहत एलआईयू जांच साक्ष्य पुलिस प्रशासन को सौंपे गए थे। मामले को लेकर आंदोलनकारी उच्च न्यायालय भी गए। न्यायालय के आदेश के बावजूद आंदोलनकारियों को सम्मान नहीं दिया जा रहा है। आंदोलनकारियों ने न्यायालय के आदेश के तहत पहचान, प्रमाणपत्र सहित सभी देय सुविधाएं जारी करने और आंदोलनकारियों के साथ हो रहे अन्याय से निजात दिलाने की मांग की। इस मौके पर अध्यक्ष वंशीधर कांडपाल, किशोर कांडपाल, हरीश चंद्र कांडपाल, गोपाल सिंह भंडारी, कुंदन सिंह ऐठानी आदि मौजूद रहे। संवाद