Almora: अमेता गांव में तेंदुए की आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल, शाम ढलते ही घरों में कैद हो रहे लोग
अल्मोड़ा जिले के सल्ट ब्लॉक स्थित अमेता गांव में तेंदुए की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शाम होते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
विस्तार
अल्मोड़ा जिले के सल्ट ब्लॉक के अमेता गांव में तेंदुए की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। शाम ढलते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के आसपास कई दिनों से तेंदुआ दिखाई दे रहा है जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में दहशत बनी हुई है।
गांव निवासी दिनेश चंद्र ने बताया कि वह भैरंगखाल बाजार स्थित अपनी दुकान बंद कर शाम को घर लौट रहे थे। घर से करीब 50 मीटर पहले अचानक उनकी नजर रास्ते में बैठे तेंदुए पर पड़ी। वह घबरा गए और कुछ देर तक वहीं ठिठके रहे। बाद में किसी तरह सुरक्षित घर पहुंच सके। ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक पहुंचने वाला करीब तीन किलोमीटर लंबा पैदल मार्ग घनी झाड़ियों से भरा हुआ है। लंबे समय से रास्ते की सफाई नहीं होने के कारण जंगली जानवर आसानी से वहां छिपे रहते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग और ग्राम पंचायत की ओर से झाड़ियों की सफाई के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अब दिनदहाड़े भी गांव के आसपास दिखाई दे रहा है। लोगों का कहना है कि अब उन्हें जंगल से घास, लकड़ी और अन्य जरूरी सामान लाने में भी डर लग रहा है।
अभिभावकों में भय
गांव के बच्चे प्रतिदिन सुबह करीब छह बजे इंटर कॉलेज कोटाचामी के लिए जंगल के रास्ते से होकर स्कूल जाते हैं। तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों के बाद अब अभिभावकों में भय का माहौल है और कई लोग बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं।
अमेता गांव में तेंदुए की गतिविधियों की सूचना मिली है। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए गांव में निगरानी बढ़ाई जाएगी और गांव में पिंजरा लगाने की कार्रवाई की जाएगी। वनकर्मियों को गांव में भेजकर गश्त कराई जाएगी और ग्रामीणों को जागरूक भी किया जाएगा। - उमेश पांडे, वन क्षेत्राधिकारी, जौरासी
तड़म क्षेत्र में वन विभाग की टीम अलर्ट
तड़म ग्रामसभा से बाघ को रेस्क्यू किए जाने के बाद भी वन विभाग की टीम लगातार सक्रिय बनी हुई है। विभाग की ओर से क्षेत्र में रात के समय घर-घर जाकर निगरानी, गश्त और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार कैंप कर रही है और ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। वहीं ग्राम सौराल में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना पर गोदी अनुभाग की टीम ने रात में गश्त कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी।