अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में पहली बार हो रही ईस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप की तैयारी शुरू हो चुकी है। स्थानीय एचएनबी स्टेडियम में नया कोर्ट बिछा लिया गया है। पहले उत्तराखंड सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप और फिर उसके बाद ईस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप होगी। इधर, स्टेडियम में उत्तराखंड के 20 सीनियर और जूनियर खिलाड़ियों का चार दिनी प्रशिक्षण भी शुरू हो चुका है।
प्रतियोगिता अल्मोड़ा में 19 से 22 सितंबर को होगी। इससे पहले 14 से 18 सितंबर तक अल्मोड़ा में उत्तराखंड सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का भी आयोजन किया जा रहा है। ईस्ट जोन इंटर स्टेट चैंपियनशिप में देश के छह राज्यों के करीब 300 खिलाड़ी भाग लेंगे। आयोजक सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि ईस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। स्टेडियम में कोच प्रशांत जोशी और मयंक कपूर के निर्देशन में राज्य के जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों का प्रशिक्षण भी शुरू हो चुका है।