रानीखेत (अल्मोड़ा)। नर सिंह मैदान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में द्वाराहाट ब्लॉक चैंपियन रहा। अव्वल प्रतिभागी हरिद्वार में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता भाग लेंगे। समापन में अव्वल रहे खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए पांच सौ से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वाराहाट ब्लॉक ने चैंपियनशिप अपने नाम की। ताड़ीखेत ब्लॉक के खिलाड़ियों ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। सीनियर बालक वर्ग की आठ सौ, 15 सौ मीटर और तीन किलोमीटर दौड़ में स्याल्दे ब्लॉक के दिनेश चंद्र और बालक सब जूनियर वर्ग की सौ, दो सौ और चार सौ मीटर दौड़ में ताड़ीखेत के उत्तम सिंह बिष्ट प्रथम रहे। ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक डॉ. शिवराज सिंह बिष्ट ने बताया कि विजेता खिलाड़ी हरिद्वार में 11 से 14 नवंबर तक होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। समापन समारोह में प्रतियोगिता में अव्वल रहे खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर खंड शिक्षाधिकारी श्याम सिंह बिष्ट, चंदन मेहरा, मनमोहन देव, हरि दत्त भट्ट, रोशन लाल टम्टा, गणेश साही, यशपाल सिंह, शादाब हुसैन गेंदन लाल आदि मौजूद थे। संचालन प्रधानाचार्या नीलम नेगी ने किया।