रानीखेत (अल्मोड़ा)। बीडीसी क्षेत्रों में विकास कार्यों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए ताड़ीखेत विकासखंड के कई बीडीसी सदस्य भड़क उठे हैं। कहा कि क्षेत्र पंचायत के गठन के बाद से ही ब्लाक स्तर पर संचालित किसी भी योजना के लिए धनराशि उनकी बीडीसी के लिए स्वीकृत नहीं हुई है।
बीडीओ को सौंपे ज्ञापन में चापड़ की हेमा देवी, ईड़ा के नैन सिंह करायत, उपराड़ी की हेमा देवी, दुगौड़ा की ममता देवी, ऐरोली की कमला देवी और जैनोली के सदस्य त्रिभुवन फर्त्याल ने कहा कि 2019 में नई क्षेत्र पंचायत का गठन हुआ था, इसके बाद से ही उनके क्षेत्रों की लगातार उपेक्षा की जा रही है।
कहा कि कुछ क्षेत्र पंचायतों में विकास खंड स्तर से जो छोटे-मोटे कार्य किए भी जा रहे हैं, उन कार्यों में संबंधित क्षेत्र पंचायत सदस्यों को विश्वास में नहीं लिया जा रहा है। निर्माणकार्यों के शिलापटों पर संबंधित क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नाम भी उल्लेखित नहीं किए जा रहे हैं। बीडीसी सदस्यों ने कार्रवाई की मांग उठाई है। कहा कि यदि इसी तरह उपेक्षा होती रही तो वह लोग आंदोलन शुरू कर देंगे।