द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पर्यटननगरी कौसानी को जोड़ने वाली द्वाराहाट-सोमेश्वर-कौसानी सड़क बदहाली का दंश झेल रही है। बिंता के पास सड़क की हालत अत्यधिक खराब होने के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका रहती है। वहां बड़े पुल के पास सड़क की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार को एक साल बाद भी ठीक नहीं किया जा सका है। इसके चलते स्थानीय लोगों में आक्रोश भी है।
द्वाराहाट-सोमेश्वर-कौसानी सड़क एनएच के अधीन है। बागेश्वर, पिथौरागढ़ से गैरसैंण जाने के लिए भी इस सड़क का उपयोग होता है। इसके बावजूद सड़क की हालत दयनीय है। बिंता में बड़े पुल के पास रोड की सपोर्टिंग दीवार सालभर से टूटी है। यह धीरे-धीरे ध्वस्त होती जा रही है, सड़क के किनारे लगे स्टील गर्डर भी क्षतिग्रस्त होते जा रहे हैं। कई बार बताने के बावजूद विभाग इसे ठीक नहीं कर रहा है जबकि बरसात में बाढ़, भूस्खलन से दुर्घटना की आशंका अधिक रहती है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता ललित कैड़ा, राजेंद्र नेगी, ललित चौधरी, योगेश कैड़ा, महेंद्र बिष्ट आदि ने लोक निर्माण विभाग एनएच खंड के इंजीनियरों से इसे शीघ्र ठीक करने की मांग की है। कहा कि सड़क की हालत नहीं सुधरी तो लोग आंदोलन करेंगे।