अल्मोड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने शनिवार को परिसर निदेशक प्रो. नीरज तिवारी के माध्यम से कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन भेजकर इस सत्र के लिए ऑनलाइन प्रवेश की समय सीमा बढ़ाने की मांग उठाई। मांग पूरी नहीं होने पर छात्रों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
कुलपति को भेजे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि इस सत्र के प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि समाप्त हो चुकी है। लॉकडाउन और कोरोना काल के कारण कई दुर्गम क्षेत्रों के छात्र-छात्राएं प्रवेश से वंचित रह गए हैं, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सभी पाठ्यक्रमों की प्रवेश आवेदन की तिथि बढ़ाई जाए। साथ ही एलएलबी, एलएलएम, बीएड, एमएड आदि संकायों के प्रवेश परीक्षा के आवेदन फार्म भी आमंत्रित किए जाएं। कार्यकर्ताओं ने मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। वहां छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक उप्रेती, कृष्णा नेगी, प्रदीप राणा, बृजेश बुधलाकोटी, गौरव तिवारी, अमन बनौला आदि रहे।