वाराणसी के लॉन संचालक हत्याकांड का खुलासा: अवैध संबंध के चक्कर में वारदात को दिया गया अंजाम, चार आरोपी गिरफ्तार
बनारस के पहड़िया निवासी लॉन संचालक बृजेश पटेल (42) की हत्या मामले को पुलिस ने 24 घंटे से भी कम समय में सुलझा लिया। हत्याकांड के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
विस्तार
जौनपुर के सोहनी गांव के पास खेत से बरामद बनारस के पहड़िया निवासी लॉन संचालक बृजेश पटेल (42) के अधजला शव मामले को पुलिस ने 24 घंटे से भी कम समय में सुलझा लिया। अवैध संबंध के चलते बृजेश की हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
आरोपियों में बृजेश का कर्मचारी मनीष, उसका मित्र दीपू एवं जीजा नितिन और मनीष की बहन शामिल है। इस हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम को एडीजी जोन वाराणसी और आईजी वाराणसी द्वारा पुरुस्कृत किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बृजेश पटेल की हत्या अवैध संबंध के कारण हुई।
ऐसे दिया गया था वारदात को अंजाम
बृजेश का संबंध लॉन में काम करने वाले चौबेपुर के खटौना निवासी मनीष पाल की बहन से था। इससे नाराज मनीष ने अपने दोस्त दीपू की मदद से बृजेश की हत्या की योजना बनाई। कार में वारदात को अंजाम देते समय मनीष की बहन और बहनोई नितिन भी साथ में थे।
वाराणसी पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि जौनपुर और वाराणसी की संयुक्त पुलिस टीम की मदद से घटना का खुलासा हुआ है। बुधवार सुबह आईजी सत्य नारायण ने घटना स्थल का दौरा किया। पुलिस ने बताया कि पहड़िया स्थित लॉन में ही रविवार रात मुर्गा और शराब की पार्टी थी।
वहां बृजेश ने मुर्गा खाया और शराब का सेवन किया। इसके बाद स्कूटी से घर आया। फिर अपनी कार लेकर वह चौबेपुर के चुनमुनपुर में मनीष की बहन के ससुराल पहुंच गया। उसने फोन कर मनीष की बहन को गांव के बाहर बुलाया। बहन के साथ उसका पति नितिन बृजेश के पास पहुंचा। तब नशे में धुत बृजेश ने नितिन से कहा कि वह घर जाकर सो जाए। उसकी पत्नी को लेकर वह जा रहा है।
इस पर उसने मनीष को फोन कर दिया। बताया कि तुम्हारा मालिक यहां आकर हंगामा कर रहा है। उधर मनीष को अवैध संबंध का पहले से पता था लेकिन लॉन मालिक होने और उसके दबंग होने के कारण वह कुछ नहीं कह पाता था। रविवार रात बहन से सूचना मिलने पर वो अपने दोस्त दीपू चौहान के साथ चुनमुनपुर पहुंचा।
बात-बात में ही बृजेश को समझाने लगा। कहा कि यहां बहन का ससुराल है, इसलिए लोग जुट जाएंगे। कार में चलकर बात करने को कहा। इसके बाद जब बृजेश कार में बैठा तो उसके सिर पर मनीष ने रॉड से वार कर दिया। फिर ईंट और पत्थर से वार कर जान ले ली।
34 मिनट में ही शव को लगाया ठिकाने
बहन और उसके पति को चुनमुनपुर गांव में छोड़कर मनीष कार लेकर देर रात केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी चौकी अंतर्गत सोहनी गांव पहुंचा। पहचान छिपाने के शव जलाने का भी प्रयास किया। सफल नहीं होने पर शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया और कार में आग लगा दी।
जौनपुर पुलिस के अनुसार कार जौनपुर की सीमा में सोमवार की रात 12.10 बजे आई थी और 12.44 बजे वापस चली गई, यानी 34 मिनट में गाड़ी से शव को ठिकाने लगाने के बाद आरोपी वापस वाराणसी की सीमा में चले गए थे।