Viral Video: उफनाई गंगा में स्टंट करने से बाज नहीं आ रहे किशोर, सबसे दूर कूदने की लगी रही शर्तें
वाराणसी में एक तरफ गंगा और वरुणा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। वहीं तैराकी का स्टंट करने से किशोर और युवक बाज नहीं आ रहे हैं।
विस्तार
वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जलस्तर चेतावनी बिंदु के नजदीक पहुंच गया है, लेकिन उफनाई गंगा में जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट करने वाले किशोरों और युवकों को इससे फर्क नहीं पड़ रहा है। पूर्व में इसी तरह की स्टंटबाजी के दौरान हादसा हो चुका है। एक तरफ गंगा और वरुणा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। वहीं स्टंट करने से किशोर और युवक स्टंट करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
राजघाट के पास चंदन शहीद स्थित पुल, नमो घाट, नगवां और अस्सी के पास किशोर गंगा में छलांग लगा रहे हैं। किशोरों के बीच ऊंचाई से सबसे दूर कूदने की शर्तें भी लग रही हैं। रविवार सुबह बघवा नाला हुकुलगंज और राजघाट के पास किशोरों के गंगा व वरुणा में नहाते हुए का वीडियो भी वायरल हुआ। इसके बाद आदमपुर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया।
शाम के समय नमो घाट, वरुणा पुल स्थित शास्त्री घाट के पास रोक के बावजूद लोगों की भीड़ जुट रही है और लड़के बेरोकटोक नहाते रहते हैं। वहीं, जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें बोट पेट्रोलिंग के जरिए लोगों को आगाह और सतर्क कर रही हैं।
गंगा का जलस्तर स्थिर, वरुणा में पलट प्रवाह तेज
खतरे के लाल निशान की ओर बढ़ रही गंगा दोपहर में स्थिर हो गईं। गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु पहुंचने से पहले ही ठहर गया है। इससे तटवर्ती इलाकों के साथ ही स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है। गंगा का जलस्तर सुबह आठ बजे से 69.77 मीटर पर स्थिर हुआ जो चेतावनी बिंदु से 49 सेंटीमीटर नीचे है। हालांकि दशाश्वमेध घाट पर सड़क और गंगा के बीच दो सीढ़ियों का ही फासला है।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार सात दिनों से बढ़ाव के बाद रविवार की सुबह गंगा के जलस्तर में ठहराव आया है। देर शाम तक गंगा के जलस्तर में ठहराव बना हुआ है। प्रयागराज और फाफामऊ में जलस्तर कम होने के कारण वाराणसी में गंगा के जलस्तर में ठहराव आया है। हालांकि बलिया में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर है।
केंद्रीय जल आयोग का कहना है कि पहाड़ों में बरसात थमने के कारण गंगा के जलस्तर में कमी आई है। बरसात फिर से शुरू हो गई तो जलस्तर में बढ़ाव शुरू होने की आशंका है। गंगा में बढ़ाव के चलते उसकी सहायक नदी वरुणा में पलट प्रवाह तेज हो गया है, जिसके कारण तटवर्ती इलाकों में रहने वाले सहमे हुए हैं। निचले इलाके में प्रथम तल पर पानी घुसने के कारण आबादी का पलायन शनिवार से शुरू हो गया है और रविवार को भी लोग सुरक्षित स्थान पर जाते रहे।
कई परिवार गृहस्थी के सामान सहित मकान के ऊपरी तल पर खुद को सुरक्षित करने की कवायद करते नजर आए। हुकुलगंज, बघवानाला, नक्खीघाट, तालीम नगर, अंसार नगर, मीरा घाट, नई बस्ती, पुलकोहना, शक्कर तालाब, अमरपुर, मड़िया सहित आसपास के निचले इलाकों में रहने वाले लोग प्रभावित हुए हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.