तरह-तरह के हथकंडे: ई-चालान से बचने के लिए नंबर प्लेटों से छेड़छाड़, कोई मार रहा स्क्रैच कोई कालिख लगा रहा
नंबर प्लेटों से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस अभियान चलाती है, लेकिन समय के साथ-साथ सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहन चालकों ने चालान से बचने के लिए पैंतरा बदल लिया है।
विस्तार
नंबर प्लेटों से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस अभियान चलाती है, लेकिन समय के साथ-साथ सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहन चालकों ने चालान से बचने के लिए पैंतरा बदल लिया है। जनवरी 2020 से दिसंबर 2020 तक नंबर प्लेटों से छेड़छाड़ करने वाले 23,133 वाहन चालकों का चालान किया गया। साथ ही कुल 69 लाख 27 हजार 100 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
वहीं, जनवरी 2021 से अगस्त 2021 तक 5,778 लोगों पर कार्रवाई हुई। इनसे 77 लाख रुपये वसूल किए गए। एडीसीपी ट्रैफिक दिनेश कुमार पुरी ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है। वाहनों के नंबर प्लेट से खिलवाड़ करने वालों का चालान काटा जा रहा है। साथ ही उन पर जुर्माना भी लगाया जा रहा है।
गाड़ी का नंबर से एक या दो अंक गायब कर देना यातायात पुलिस की चेकिंग से बचने का तरीका बन गया है। लोग धड़ल्ले से इस तरह का जुगाड़ लगा रहे हैं। दरअसल आजकल पुलिस वाहनों की चेकिंग के दौरान ई-चालान कर रही है। अगर कोई हेलमेट नहीं पहना है तो उसकी फोटो और गाड़ी की फोटो लेकर चालान कर देते हैं।
इसके बाद यातायात पुलिस गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर से गाड़ी मालिक के पते पर ई-चालान भेज रही है। ऐसे में ई-चालान से बचने के लिए लोग गाड़ी का नंबर में खेल रहे हैं ताकि गाड़ी मालिक का पता न चले और पुलिस ई-चालान न कर सके।