Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...चार की मौत, धर्म परिवर्तन-युवती को अगवा करने का आरोप; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी में विभिन्न हादसो में चार लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, धर्म परिवर्तन और युवती को अगवा करने के मामले में चौक थाने में केस दर्ज किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: लोहता के चंदापुर गांव के मनोज कुमार पांडेय (35) की शिवपुर थाना क्षेत्र के भोजूबीर में एक मकान में चुना, पुट्टी का काम करते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मनोज बलिया का रहने वाला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। चंदापुर में किराये के मकान में मां और बच्चों के साथ रहता था।
मकान मालिक सतीश ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन कोई नहीं आया। परिजनों को फोन किया। किसी के न पहुंचने पर शव लेकर चंदापुर पहुंचा। परिजनों ने आरोप लगाया कि मनोज के शरीर में करंट का कोई निशान नहीं था। लोहता थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि मामला शिवपुर थाने का है। वहां की पुलिस कार्रवाई करेगी।
रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन से कटकर युवक की मौत
राजातालाब थाना क्षेत्र के टोडरपुर गांव के सामने शुक्रवार शाम रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन से कटकर राहुल (25) की मौत हो गई। पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राजातालाब थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पूर्व मंत्री के तालाब में मिला युवक का शव, शिनाख्त नहीं
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के तमाचाबाद पुलिस चौकी के पास निजी तालाब में शुक्रवार सुबह युवक का शव उतराया मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की है।
पेट्रोल पंप के पीछे पूर्व मंत्री रमाशंकर शर्मा का 25 बीघे का प्लॉट है, जिसमें तालाब भी है। पेट्रोल पंप के कर्मी सुबह तालाब की ओर गए तो शव उतराया देख सन्न रह गए। कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। एसीपी ने बताया कि शव की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। ठटरा के ग्राम प्रधान सुनील कुमार बिंद समेत आसपास गांव के लोग भी शिनाख्त में लगे हैं। शव देखने से एक से दो दिन का पुराना लग रहा है।
लापता विवाहिता का शव तालाब में मिला
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के पास तालाब में एक दिन से लापता विवाहिता प्रज्ञा सिंह (32) का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ससुराल पक्ष ने पुलिस को बताया कि विवाहिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की है। भिखारीपुर गांव के अनुराग सिंह की पत्नी प्रज्ञा सिंह के दो बेटे हैं। बृहस्पतिवार सुबह वह घर से लापता हो गईं थीं। देवर राहुल ने गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी।
पुलिस टीम पर हमले का आरोपी गिरफ्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर में 12 अक्तूबर को सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत के बाद एसीपी सारनाथ समेत पुलिस टीम पर पथराव के मामले में आरोपी धर्मेंद्र को पुलिस ने शुक्रवार को सुंगुलपुर अंडरपास से गिरफ्तार किया।
चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रूस्तमपुर का है। सड़क पार करने के दौरान बुजुर्ग बेनाऊ की मौत हो गई थी। आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस समझाने गई तो हमला, पथराव और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। पथराव में एसीपी सारनाथ समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने 10 नामजद समेत 60 अज्ञात पर केस दर्ज किया था।
करोड़ों की धोखाधड़ी में वांछित पर 15 हजार का इनाम
आभूषण कारोबारी समेत अन्य छह लोगों से करोड़ों की ठगी में वांछित ऋचा भार्गव पर लंका पुलिस ने 15 हजार का इनाम घोषित किया है। पति शरद भार्गव को पुलिस ने कुछ दिन पहले ही हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया था। वह जेल में है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि विनायक रेजिडेंसी निवासी ऋचा भार्गव, पति शरद भार्गव का गिरोह है।
दो पक्षों में मारपीट, चार हिरासत में
कपसेठी थाना क्षेत्र के जगतीपुर गांव में शुक्रवार सुबह रास्ते पर पानी बहाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। इस दौरान चले लाठी-डंडे में पिता और पुत्र घायल हो गए। दोनों पक्षों से तहरीर में पुलिस ने सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। चार को हिरासत में लिया है। कपसेठी थानाध्यक्ष सधुवन राम गौतम ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
मुठभेड़ में भागा पशु तस्करी का आरोपी गिरफ्तार
पशु तस्करों के साथ पुलिस मुठभेड़ में भागे गोलू नट को पुलिस ने बीती रात मिल्की चक ब्रिज के नीचे से गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मिर्जामुराद के साधु कुटिया का रहने वाला है। बृहस्पतिवार दोपहर मुठभेड़ के दौरान गोलू भाग निकला था।
स्कूल के लिए निकला किशोर लापता, मुकदमा दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के डंगहरिया गांव के एसबीपी इंटरमीडिएट कॉलेज का छात्र मोहित लापता है। 13 अक्तूबर को पढ़ने के लिए वह घर से निकला था। खोचवा निवासी पिता मोहनलाल ने शुक्रवार को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। कार्यवाहक थाना प्रभारी अजय त्रिपाठी ने बताया कि खोजबीन की जा रही है।
कैंट स्टेशन पर रेलवे एक्ट में 7 पर केस
रेलवे सुरक्षा बल ने छठ के मद्देनजर जांच अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 लोगों पर केस किया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि नो पार्किंग जोन में वाहन लगाने पर 5 और गेट के बाहर ठेला लगाकर गंदगी फैलाने पर 1 और अशांति में 1 महिला पर मुकदमा दर्ज किया गया।
चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार
साइकिल चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को रोहनिया पुलिस ने शुक्रवार को बच्छांव पश्चिमपुरा के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक साइकिल और वारदात में इस्तेमाल बाइक मिली है। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि आरोपियों में राजातालाब थाना क्षेत्र के चंदापुर निवासी अमित कुमार, राजबली और शिवम हैं। 23 अक्तूबर को साइकिल चोरी के मामले में केस दर्ज हुआ था। सीसी कैमरे और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
महिला समेत चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार
चोरी के तीन आरोपियों को भेलूपुर पुलिस ने बीती रात थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया। आरोपियों में चंदौली चकिया के सिकंदपुर निवासी आशीष साहनी उर्फ गाेलू, खोजवा निवासी विपिन सेठ और एक युवती है। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद हुए। भीड़-भाड़ वाली जगहों और मंदिरों के आसपास महिलाओं को निशाना बनाते हैं।
ऑनलाइन जुआ खेलने के 4 आरोपी गिरफ्तार
भाग्य लक्ष्मी वेबसाइट से ऑनलाइन जुआ खेलने के आरोप में शुक्रवार को एसओजी-2 ने भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 5200 नकद, मोबाइल, कैलकुलेटर, नोटबुक मिला। आरोपी ऑनलाइन लॉटरी में पैसे लगा रहे थे। डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि आरोपियों में खोजवा के किरहिया महफूज नगर निवासी अबरार, सराय नंदन निवासी भानू रामपाल, महेंद्र सेठ और शमशेर हैं।
दूध के रुपये के लिए चाकू से हमला, गिरफ्तार
कपसेठी थाना क्षेत्र के भिटकुरी गांव में दूध के रुपये के लेनदेन में हिमांशु पर चाकू से हमला करने के आरोपियों अनीत सिंह रिपू और मिहिर सिंह गोलू को पुलिस ने शुक्रवार को मझियार पुलिया के पास गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चाकू भी मिला। हिमांशु 22 अक्तूबर को भिटकुरी गांव में गया था, जहां दोनों ने चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया था।
अवैध निर्माण पर मुकदमा दर्ज
पांडेयपुर में आवास विकास योजना में बिना अनुमति गेट लगाने और अवैध निर्माण पर शुक्रवार को लालपुर-पांडेयपुर थाने में केस दर्ज किया गया। नगर विकास परिषद, पांडेयपुर योजना के अधिशासी अभियंता राम प्रताप ने पुलिस को बताया कि कमला नगर कॉलोनी निवासी अमित कुमार चौबे ने बिना परिषद की स्वीकृति लिए पांडेयपुर योजना क्षेत्र में 6 फीट ऊंची बाउंड्रीवाल तोड़कर नया गेट लगा दिया। प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
धर्म परिवर्तन, युवती को अगवा करने के आरोप में केस
धर्म परिवर्तन और युवती को अगवा करने के मामले में चौक थाने में नामजद पर केस दर्ज किया गया है। राजा दरवाजा हड़हा निवासी पिता ने पुलिस को बताया कि कौआ शाह मस्जिद के पास रहने वाले एहसान ने 22 अक्तूबर को उनकी बेटी को अगवा कर लिया। पिता ने आरोप लगाया कि बेटी को अगवा करने के बाद उसके धर्म परिवर्तन की साजिश रची जा सकती है। चौक इंस्पेक्टर दिलीप मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
करीबी पर नौशाद की हत्या का शक छह युवकों से पुलिस ने की पूछताछ
जैतपुरा थाना क्षेत्र के जलालीपुरा में नौशाद की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की टीमें तफ्तीश कर रही हैं। कफ सिरप पीने के आदि नौशाद के दोस्तों से पुलिस पूछताछ कर रही है। किसी करीबी ने ही वारदात को अंजाम दिया है। सीसी कैमरे और मोबाइल सीडीआर के आधार पर पुलिस छानबीन की।
छह युवकों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। हाल के दिनों में नौशाद के साथ रहने वालों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सरैया निवासी नौशाद की बुधवार रात जलालीपुरा के कब्रिस्तान में सिर कूंचकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, नौशाद के सिर पर वजनी चीज से वार कर हत्या की गई थी। नौशाद चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और कूड़ा बेचता था। रेलवे ट्रैक किनारे और आसपास कॉलोनियों में कूड़ा इकट्ठा करने जाता था। जैतपुरा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि छह युवकों से पूछताछ की गई है। इसके साथ ही मोबाइल सर्विलांस और लोकेशन डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
वाराणसी से पैदल जम्मू जा रहे रूसी पर्यटक से अंबाला में लूट
वाराणसी से पैदल जम्मू जा रहे एक रूसी पर्यटक को मोटर साइकिल सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने बृहस्पतिवार रात लूट लिया। अपराधी उनके बैग से सैमसंग का मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज, पासपोर्ट, वीजा और तीन सौ रुपये ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर प्राथमिकी की कॉपी उन्हें सौंप कर आगे के लिए रवाना कर दिया।
अंबाला कैंट थाने के प्रभारी धर्मबीर के अनुसार, रूस के ओब्लास्ट स्थित ओकुलोवो गांव निवासी विक्टर 28 सितंबर को चलकर 29 को वह भारत पहुंच गए थे। देवी दुर्गा की भक्ति में लीन विक्टर वाराणसी से पैदल चलकर वीरवार रात 8:40 बजे अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित मोहड़ा गांव के पास से गुजर रहे थे तभी बाइक सवार तीन व्यक्ति उसके पास आकर रुके। तीनों नकाबपोश युवक बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। पड़ाव थाना पुलिस ने विक्टर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बिना कारण बताए सेवा से बर्खास्तगी गलत : हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि दो दशक तक लगातार कार्य करने के बाद सहायक प्रोफेसरों को बिना ठोस कारण बताए सेवा से बर्खास्त नहीं किया जा सकता। बर्खास्तगी आदेश में तार्किक कारणों का उल्लेख भी किया जाना चाहिए। इस टिप्पणी के साथ न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी की अदालत ने वाराणसी के अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में तदर्थ रूप से कार्यरत सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रतिभा तिवारी समेत आठ अन्य की ओर से दाखिल याचिका निस्तारित कर दी।
कोर्ट ने महाविद्यालय प्रशासन को याचियों के बर्खास्तगी आदेश पर पुनर्विचार कर नए सिरे से तार्किक व नियमानुसार आदेश पारित करने का आदेश दिया है। याचियों की दलील है कि वे लंबे समय से कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। 2019 में वित्तीय कारणों का हवाला देकर पदों को नियमित भर्ती से भरे जाने का तर्क देते हुए उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
मंडुवाडीह में एक घंटे कटेगी बिजली
बिजली उपकेंद्र मंडुवाडीह से निकलने वाले वेसु 4 फीडर पर नया पैनल लगाया जाना है। इसको लेकर शनिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस कार्य के होने की वजह से जेपीएस नगर, बड़ी पटिया, छोटी पटिया, जानकी नगर आदि इलाकों में बिजली नहीं रहेगी।
डेंटल फैकल्टी में नई ओपीजी का उद्घाटन
आईएमएस बीएचयू के दंत चिकित्सा संकाय (डेंटल फेकेल्टी) में नई ओपीजी (ऑर्थोपेंटोमोग्राम) मशीन मंगाई गई है। निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने मशीन का उद्घाटन किया। दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय के प्रमुख प्रो. एचसी बरनवाल ने बताया कि नई मशीन के लग जाने से मरीजों की जांच, चिकित्सा और शोध कार्य में काफी सहूलियत होगी। इस दौरान प्रो. नरेश कुमार शर्मा, प्रो. अतुल भटनागर, प्रो. अदित मौजूद रहे।
बजट पर नगर निगम सदन की बैठक आज
नगर निगम सदन की बैठक शनिवार को 12 बजे टाउनहाॅल में होगी। मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट पर विचार-विमर्श होगा। पार्षदों के अनुमोदन के बाद इसे शासन को भेजा जाएगा। इस बैठक में 1645 करोड़ के बजट पर चर्चा की जाएगी। बैठक में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के अलावा सभी पार्षद और नगर निगम के अधिकारी शामिल होंगे।
शहर में आज होंगे नेता प्रतिपक्ष
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव 25 अक्तूबर को जिले के कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे जाल्हूपुर चौबेपुर में लवकुश यादव पगड़ी वाले के घर तेरहवीं में शामिल होने के बाद शुक्रवार को देर रात सर्किट हाउस पहुंचे। जहां विश्राम किया। 25 अक्तूबर को दिन में सूर्या होटल में शहाबुद्दीन लोधी के यहां कार्यक्रम में भाग लेंगे।
आज आएंगी महिला आयोग की अध्यक्ष
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान 25 की शाम सर्किट हाउस आएंगी। 26 को लायंस क्लब की ओर से द बनारस लान दांदूपुर में मेधावी छात्राओं को साइकिल बांटेंगी। काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन पूजन और रात्रि विश्राम के बाद 27 को लखनऊ रवाना हो जाएंगी।
बी.वीएस-एएच कोर्स में 26 तक जमा होगी फीस
बीएचयू के बैचलर ऑफ वेटरनरी साइंस एंड एनिमल हस्बैंड्री (बी.वीएस और एएच) कोर्स में पांचवें राउंड का दाखिला शुक्रवार को शुरू हो गया। जिन अभ्यर्थियों का नाम मेरिट सूची में आया है, उन्हें 26 अक्तूबर तक फीस जमा करनी होगी। पांचवें राउंड में जनरल ऑल इंडिया कटऑफ 50389, ईडब्ल्यूएस में 63168, ओबीसी में 55191 और एसी का कटऑफ 185523 तक गया। बीएचयू के केंद्रीय प्रवेश समिति की ओर से चयनित उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश फीस का भुगतान अपने लॉगिन डैशबोर्ड पर उपलब्ध भुगतान गेटवे लिंक के माध्यम से करें।
संस्कृत विवि में आचार्य की मेरिट सूची जारी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आचार्य प्रथम सेमेस्टर की मेरिट सूची शुक्रवार को जारी हो गई। सूची में सबसे अधिक 87.33 प्रतिशत तक मेरिट गई है। वहीं, आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के न होने के कारण अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को मौका दिया गया है। आचार्य प्रथम सेमेस्टर में दाखिले के लिए काउंसिलिंग 26 और 27 अक्तूबर को होगी। फीस जमा करने के लिए छात्रों को 27 अक्तूबर तक का मौका दिया जाएगा। यह जानकारी छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने दी।
विद्यापीठ में दिसंबर से सेमेस्टर परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 के विद्यार्थियों की सेमेस्टर परीक्षा दिसंबर से करवाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए एक नवंबर से परीक्षा फाॅर्म भरवाया जाना है लेकिन टाइम टेबल अब तक तैयार नहीं हो पाया है। इसके लिए विद्यार्थियों को इंतजार करना पड़ सकता है। सहायक कुलसचिव परीक्षा अरिंदम श्रीवास्तव ने बताया कि समर्थ पोर्टल से ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरवाया जाएगा। पांच दिसंबर से परीक्षा करवाई जाएगी। इस बारे में विस्तृत जानकारी वेबसाइट से ली जा सकती है।
डॉ. सुमन कुमारी को लखनऊ में मिला एडूलीडर्स सम्मान
प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती की शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी को शिक्षा क्षेत्र में नवाचार और संस्कृत शिक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए लखनऊ में एडूलीडर्स सम्मान 2025 से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें शुक्रवार को आयोजित विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत 2047 विषयक शिक्षक संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह में मिला। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश राम ने बताया कि मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव पशुपालन, दुग्ध विकास एवं मत्स्य विभाग मुकेश कुमार ने डॉ. सुमन कुमारी को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. दयानंद लाल, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, डॉ. सर्वेश चंद्र बहादुर सिंह आदि रहे।
कला-विज्ञान के बीच खाई आधुनिक युग की देन : प्रो. भरत गुप्त
आईआईटी बीएचयू में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के उपाध्यक्ष पद्मश्री प्रो. भरत गुप्त ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय और प्राचीन ग्रीक रंगमंच में कई समानताएं हैं। कला और विज्ञान के बीच दिख रही खाई आधुनिक युग की देन है, जबकि प्राचीन भारत में दोनों को एक-दूसरे के पूरक के रूप में देखा जाता था।
उन्होंने बताया कि नाट्य का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन नहीं है बल्कि इससे समाज के नैतिक, सांस्कृतिक और धार्मिक जीवन में सुधार लाना है। प्रो. गुप्त ने शुक्रवार को आईआईटी बीएचयू में भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं विरासत विषय पर व्याख्यानमाला का उद्घाटन किया। संस्थान के ह्यूमैनिटीज स्टडीज डिपार्टमेंट की ओर से एनी बेसेंट व्याख्यान संकुल में प्राचीन भारतीय रंगमंच विषय पर प्रो. गुप्त का संबोधन हुआ।
बीएचयू में विकसित चावल की 14 किस्मों का देश में हो रहा ट्रायल
बीएचयू में विकसित चावल की 14 नई किस्मों का देश के अलग-अलग राज्यों में ट्रायल चल रहा है। ये काम नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की ओर से किया जा रहा है। 14 में से तीन किस्में ट्रायल के अंतिम चरण में हैं। अप्रैल 2026 में बैठक के बाद किस्म को आधिकारिक स्वीकृति देने पर विचार किया जाएगा। वहीं, अगले वर्ष के लिए भी कई नई किस्में परीक्षण के लिए तैयार कर ली गईं हैं।
इनमें मालवीय सोना धान और मालवीय आदम चीनी प्रमुख हैं। ये तमाम जानकारियां बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान के प्रो. श्रवण कुमार सिंह ने कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी को दीं। कुलपति प्रो. चतुर्वेदी शुक्रवार को कैंपस के कृषि फार्म स्थित चावल प्रजनन अनुसंधान प्रक्षेत्र का भ्रमण करने पहुंचे थे।
उन्होंने विवि की हालिया रिलीज धान सहित कई नई और आगामी प्रजातियों को देखकर खुशी जताई और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। जेनेटिक्स एंड प्लांट ब्रीडिंग विभाग के अध्यक्ष प्रो. श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि बीएचयू की सबसे सफल प्रजाति मालवीय मनीला सिंचित धान-1 अपने उत्कृष्ट गुणों के कारण किसानों के बीच अत्यंत लोकप्रिय हो रही है।
डीएलएड की परीक्षा तिथि बदलने की मांग
डीएलएड की परीक्षाएं 27, 28 और 29 अक्तूबर को निर्धारित हैं। इस बीच छठ पूजा भी है। ऐसे में परीक्षा की तिथियां आगे बढ़ाने की मांग शिक्षक संघ ने की है। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस संबंध में पत्र लिखा है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह ने बताया कि पत्र के माध्यम से 27, 28 और 29 अक्तूबर को होने वाली डीएलएड की परीक्षा की तिथि को परिवर्तित किया जाए।
शिक्षक संकुल की बैठक में कक्ष शिक्षण को प्रभावी बनाने पर दिया जोर
विकास खंड में शुक्रवार को 14 न्याय पंचायतों में शिक्षक संकुल की बैठक हुई। इसमें प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के अलग अलग एजेंडे पर चर्चा हुई। न्याय पंचायत बाबतपुर की शिक्षक संकुल बैठक कंपोजिट विद्यालय रमईपट्टी में हुई। यहां शिक्षक संकुल श्रवण कुमार ने सीखने की प्रकिया, कौशल सीखने के चरण, अभ्यास, फीडबैक सेल्फ रिफ्लेक्शन, सुधार के तत्वों की पहचान पर चर्चा की।
हिंदी के लिए एमटेक-शोध छात्र समेत नौ को मिला पहला पुरस्कार
आईआईटी बीएचयू में शुक्रवार को हिंदी पखवाड़ा-2025 के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण समारोह हुआ। संस्थान के एबीएलटी-4 सभागार में आयोजित समारोह की अध्यक्षता निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने की। राजभाषा अधिनियम, नियम और सामान्य हिंदी प्रगति (बहुविकल्पीय) प्रतियोगिता में कुलसचिव कार्यालय के जूनियर सुप्रीटेंडेंट अजीत कुमार यादव को पहला पुरस्कार मिला। कर्मचारी वर्ग की हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में पक्ष से अभिनव पांडेय और विपक्ष से नवनीत पांडेय को पहला पुरस्कार दिया गया।
हिंदी लघुकथा प्रतियोगिता में कर्मचारी वर्ग से आलोक चौहान और विद्यार्थी वर्ग में माइनिंग के एमटेक छात्र खिलेंद्र कुमार को पहला पुरस्कार मिला। हिंदी निबंध प्रतियोगिता में कर्मचारी वर्ग से रविशा रघुवंशी और विद्यार्थी वर्ग से फिजिक्स के पीएचडी छात्र अजय सिंह विजेता बने। हिंदी व्यंग्य लेखन प्रतियोगिता में कर्मचारी वर्ग से अमित कुमार और छात्र वर्ग से गणितीय विज्ञान के बीटेक छात्र शुभदीप सिंह को पहला पुरस्कार मिला।
निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने राजभाषा प्रकोष्ठ की स्थापना और संवर्धन में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी को राजभाषा सम्मान से नवाजा। प्रो. पात्रा ने कहा कि हिंदी केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि नवाचार, अनुसंधान और आत्मनिर्भर भारत की भावना को सशक्त करने वाली भाषा है।
106 अभ्यर्थियों को मिले सरकारी नाैकरी के नियुक्ति पत्र, रेलवे में 33 का चयन
बीएचयू में बृहस्पतिवार को 17वें राष्ट्रीय रोजगार मेले में सरकारी नौकरियों में 106 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया। इसमें डाक विभाग, रेलवे, सीआरपीएफ, बैंक, एफसीआई में कई पद शामिल थे। सबसे ज्यादा नियुक्तियां रेलवे में हुई। यहां 33 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। इसी तरह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में 27, गृह मंत्रालय में 21, संचार मंत्रालय में 19 को नियुक्ति पत्र दिया गया। इसके अलावा एयरपोर्ट अथॉरिटी, यूबीआई, इंडियन ओवरसीज बैंक, एफसीआई में सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए।
बीएचयू के शताब्दी प्रेक्षागृह में भारतीय डाक विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) और प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से विशेष वीडियो संदेश साझा किया गया। इसमें रोजगार मेले की भावना और सरकार की युवा उन्मुख नीतियों के बारे में बताया गया।
आपका हर फैसला और हस्ताक्षर देश की तरक्की से जुड़ेगा : मंत्री
उत्तर प्रदेश सरकार के ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि जिस सेवा में आपको चयनित किया गया है, उसमें आपका हर निर्णय, फाइल पर किया गया हर वो हस्ताक्षर देश की तरक्की से जुड़ा होगा। हम सभी किसी न किसी रूप में विकसित भारत अभियान और सरकारी विकास प्रयासों के सहभागी बनेंगे।
आईएमए की सदस्यता रद्द करने की मांग
समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रियांशु यादव के नेतृत्व में शुक्रवार को आईएमए वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह को ज्ञापन देकर मांग की गई कि डॉ. अनुराग टंडन की सदस्यता रद्द की जाए। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि डॉ. ने सोशल मीडिया पर सपा सांसद डिंपल यादव पर अमर्यादित टिप्पणी की। उनकी सदस्यता रद्द की जाए ताकि समाज में एक स्वच्छ संदेश जाए। ऐसा न हुआ तो सपा आंदोलन के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन देने वालों में शंकर विशनानी, डॉ. ओपी सिंह, पूजा यादव, रामजी यादव, विष्णु शर्मा, योगेंद्र यादव, रुबी, प्रशांत आदि शामिल रहे।
राष्ट्रीय समन्वयक बने डॉ. राहुल राज
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पूर्व छात्रनेता डॉ. राहुल राज को कांग्रेस के अनुसूचित विभाग का राष्ट्रीय समन्वयक मनोनीत किया गया है। कांग्रेस के महासचिव सांसद केसी वेणुगोपाल की ओर से इसकी सूची जारी की गई है। मनोनयन पर राहुल राज ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है और कहा कि मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करूंगा।
वीडीए ने अवैध निर्माण किया सील
शिवपुर वार्ड के पुरा रघुनाथपुर में विजई की ओर से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए 150 वर्गमीटर क्षेत्रफल में भूतल का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। वीडीए की ओर से नोटिस देने के साथ ही अवैध निर्माण को सील किया गया। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा की अगुवाई में कार्रवाई की गई।
मंडलीय अस्पताल पूर्वांचल में पहले स्थान पर
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी मूल्यांकन में मंडलीय अस्पताल को पूर्वांचल में प्रथम और प्रदेश स्तर पर 13वां स्थान प्राप्त हुआ है। यह सम्मान अस्पताल को स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार के लिए प्रदान किया गया है।
इस उपलब्धि के तहत अस्पताल को तीन लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। अस्पताल के सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि इस धनराशि का उपयोग अस्पताल की सुविधाओं को और सुदृढ़ करने में किया जाएगा। वहीं, कायाकल्प योजना में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल रामनगर को दूसरा और प्रदेश में 16वां स्थान मिला है। वहीं, मूल्यांकन सूची में जिला अस्पताल का नाम ही नहीं है।
सिरप के 30 सैंपल लिए पर रिपोर्ट का पता नहीं
मध्य प्रदेश में मिलावटी कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत के बाद औषधि विभाग की टीम ने दवा की दुकानों, मंडी से सैंपल लिए, लेकिन अब तक रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। आठ दिन में (8 से 15 अक्तूबर तक) टीम ने 30 सैंपल लेकर लखनऊ में लैब में भेजे थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बच्चों को सिरप न देने की एडवाइजरी जारी की थी। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी लोगों को जागरूक किया गया।
औषधि निरीक्षक जुनाब अली के नेतृत्व में टीम ने रोहनिया में मेडिकल स्टोर, सप्तसागर दवा मंडी, रविंद्रपुरी में अस्पताल, क्लीनिक में रखे सिरप की जांच की। टीम ने सैंपल भी लिए थे। कागजात न मिलने पर खरीद, बिक्री पर रोक लगा दी गई थी। रग इंस्पेक्टर जुनाब अली ने बताया कि प्रदेश भर से लखनऊ सैंपल भेजे जाते हैं। दो महीने में रिपोर्ट मिलने की संभावना है।
बनारस को भिक्षावृत्ति से मुक्त करने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय
स्माइल योजना के तहत सीडीओ ने शुक्रवार को जिला समाज कल्याण अधिकारी, चाइल्ड लाइन, पुलिस विभाग, नगर निगम, श्रम विभाग और अपना घर आश्रम के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में शहर को भिक्षावृत्ति से पूरी तरह मुक्त करने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं।
सीडीओ ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इस अभियान को केवल औपचारिकता न मानते हुए, इसे एक सामाजिक पुनर्वास मिशन के रूप में लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख चौराहों, मंदिरों, घाटों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाए और भिक्षावृत्ति में संलिप्त लोगों की पहचान कर उन्हें पुनर्वास केंद्रों तक पहुंचाया जाए। विशेष रूप से एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) के प्रभारी को निर्देशित किया कि एक महिला व एक पुरुष कांस्टेबल को स्थायी रूप से इस टीम में शामिल किया जाए।
उन्होंने कहा कि टीम नियमित रूप से फील्ड विजिट करे और रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को सौंपें। नगर निगम और श्रम विभाग इस दिशा में ठोस कार्ययोजना बनाकर अभियान को गति देंगे। वहीं, समाज कल्याण विभाग और अपना घर आश्रम के माध्यम से जरूरतमंदों को सुरक्षित आश्रय, परामर्श और प्रशिक्षण की सुविधा दी जाए।
14 प्रतियोगिताओं में रामनगर पीएसी ने मारी बाजी
पीएसी संस्थापना दिवस-2025 पर शुक्रवार को श्रेष्ठ बाढ़ राहत दल चयन प्रतियोगिता में 36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर ने बाजी मारी। गोताखोरी स्पर्धा में आरक्षी रविंद्र मौर्य व आरक्षी आशुतोष मिश्रा ने गंगा की तलहटी से मिट्टी का दीपक निकाल कर सभी को रोमांचित किया। रामनगर किला बलुआ घाट पर प्रतियोगिता में 36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर, 20वीं वाहिनी आजमगढ़ व 34वीं वाहिनी वाराणसी की टीमों ने भाग लिया।
निरीक्षण वाराणसी अनुभाग के डीआईजी मनोज कुमार सोनकर ने किया। तैराकी, गोताखोरी समेत 14 प्रतियोगिताओं में रामनगर पीएसी ने बाजी मारी। डीआईजी ने जवानों से संवाद कर समस्याएं सुनीं। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए नामित कंपनी को निर्देश दिए कि वे अनुशासन व सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाएं। इस दौरान सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पांडेय, सहायक सेनानायक हीरालाल कनौजिया, प्लाटून कमांडर विश्वजीत, राजेश कुमार आदि रहे।
नगर निगम को चार जोन में बांटना काशी की जनता के साथ अन्याय
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने नगर निगम को चार जोन में बांटने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह काशी की जनता के साथ घोर अन्याय है और आने वाले समय में काशीवासियों को और गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि इस समय नगर निगम में आठ जोन हैं, इसके बावजूद नगर निगम आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में असफल है। कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां लोगों का पैदल चलना मुश्किल है।
कहीं सीवर का पानी सड़कों पर बह रहा है तो कहीं कूड़े का अंबार लगा हुआ है। जितने भी नए वार्ड बनाए गए हैं उन वार्डों की हालत सबसे ज्यादा बदतर है। नए वार्डों में नगर निगम का कोई भी सक्षम अधिकारी आज तक नहीं पहुंच पाया है। शीघ्र ही प्रदेश सरकार के इस फैसले के खिलाफ आंदोलन चलाया जाएगा। आरोप लगाया कि सत्तापक्ष के लोगों के सहयोग से भू माफियाओं की नजर रामनगर जोन कार्यालय पर लगी है। सत्ता पक्ष एवं भू माफिया इसीलिए नगर निगम को चार जोन में बांटने का प्रयास कर रहे हैं ताकि रामनगर जोन पर कब्जा किया जा सके।
बिना टिकट यात्रा करने वाले 136 लोग पकड़े गए
कैंट रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ चलाए गए अभियान में शुक्रवार को 136 पकड़े गए। इनसे 97750 रुपये की वसूली की गई। मुख्य टिकट निरीक्षक (इंचार्ज) जनार्दन सिंह के नेतृत्व में सुबह 8 से शाम 4 बजे तक अभियान में 21 लोग शामिल रहे। इस दौरान बीबी सिंह, संजय कुमार सिंह, प्रवीन कुमार, राजेश कुमार तिवारी मौजूद रहे।
नंद किशोर रुंगटा हिंदू भवन के नाम से जाना जाएगा विहिप का नया कार्यालय
विश्व हिंदू परिषद के मुख्य कार्यालय (नंद किशोर रुंगटा, हिंदू भवन) का लोकार्पण शुक्रवार को इंग्लिशिया लाइन में किया गया। विहिप के केंद्रीय संगठन मंत्री मिलिंद परांडे ने विधिवत पूजन और हवन के बाद फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया। दिवंगत नंद किशोर रुंगटा के परिजन प्रवीण रुंगटा ने विहिप के लिए हर प्रकार से सहयोग की घोषणा की।
केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि यह कार्यालय नंद किशोर रुंगटा हिंदू भवन के नाम से जाना जाएगा। यह भवन केवल निवास के लिए नहीं, बल्कि देश दुनिया से काशी आने वाले लोगों के लिए और संगठन की गतिविधियों का केंद्र होगा।
उन्होंने कहा कि आज कई वर्षों के बाद हिंदू धर्म व संस्कृति के लिए समाज में अनुकूल वातावरण बना हुआ है, फिर भी हिंदू समाज के समक्ष अनेक चुनौतियां हैं। हम हिंदू हैं, हमें ये सिद्ध करना पड़ेगा। हमें जाति, मत, पंथ, संप्रदाय से ऊपर उठकर कर्तव्य का पालन करना होगा।
उन्होंने कहा कि गो हत्या, धर्मांतरण और मंदिर अधिग्रहण एक बड़ी चुनौती है। विहिप की ओर से काशी और मथुरा की मुक्ति के लिए भी जल्द अभियान शुरू किया जाएगा। केंद्रीय सह संगठन महामंत्री विनायक राव देशपांडे, क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेंद्र ने भी विचार रखे। अध्यक्ष संत भारत भूषण महाराज ने समारोह में आशीर्वचन दिया। इस दौरान प्रवीण रुंगटा, अमित अग्रवाल, नवीन रुंगटा राधेश्याम द्विवेदी, गजेंद्र, रमेश, नितिन, विपुल कुमार पाठक आदि मौजूद रहे।
आरएसएस की विचारधारा पर लिखी पुस्तक का लोकार्पण
आरएसएस से जुड़ी महिलाओं के संगठन महिला समन्वय की बंगलूरू में हुई बैठक में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिप्राधर और प्रो. मनोज श्रीवास्तव की पुस्तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ: एक विचारधारा का लोकार्पण हुआ।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग अध्यक्ष विजया भारतीय ने पुस्तक का लोकार्पण किया। प्रो. मनोज ने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य पर यह पुस्तक प्रकाशित हुई है।
इसमें संघ की 100 वर्ष की यात्रा का संपूर्ण विवरण देने का प्रयास किया गया है। डॉ. शिप्रा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक विचारधारा है, एक सोच और संस्कृति है। पुस्तक मोहन भागवत को भी भेंट की गई।
गिरिजा देवी को दी श्रद्धांजलि
पद्मविभूषण ठुमरी गायिका गिरिजा देवी की आठवीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को कलाकारों और उनके मुरीदों ने उन्हें याद किया। उनके संजय नगर कॉलोनी स्थित आवास पर श्रद्धांजलि सभा हुई। इस दौरान उन्हें भारत रत्न देने और उनके आवास के सामने पार्क में उनकी प्रतिमा लगाने की मांग की गई। जन कल्याण परिषद एवं पं. राम सहाय संगीत फाउंडेशन के बैनर तले श्रद्धांजलि सभा हुई। सभी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। श्रद्धांजलि सभा में संस्था के अध्यक्ष गंगा सहाय पांडेय, त्रिलोकी मिश्रा, प्रकाश सिंह, रोहित मिश्रा, राधेमोहन पांडेय, तरुण, आदित्य, सिद्धनाथ शर्मा, गिरीश पांडेय, शमशुल आफरीन आदि शामिल रहे।
संस्कृत देव भाषा इसका सम्मान जरूरी : जिला जज
सेंट्रल बार एसोसिएशन के सभागार में शुक्रवार को संस्कृत दिवस समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि जिला जज संजीव शुक्ला ने 50 से अधिक अधिवक्ताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। जिला जज संजीव शुक्ल ने कहा कि संस्कृत देव भाषा है इसका सम्मान होना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेंट्रल बार अध्यक्ष मंगलेश दूबे ने की। कार्यक्रम संयोजक अधिवक्ता श्यामजी उपाध्याय ने कहा कि संपूर्ण सनातन वांग्मय संस्कृत भाषा में ही समाहित है। उसी में हमारे सनातन ज्ञान, आदर्श और मूल्य निहित हैं। एडीजे प्रथम देवकांत शुक्ला, बनारस बार अध्यक्ष सतीश तिवारी, महामंत्री राजेश गुप्ता व शशांक श्रीवास्तव, संतोष मिश्रा आदि मौजूद रहे।
दीपावली मिलन समारोह में हुआ दीपदान
न्यू बनारस कैमरा सोसाइटी की ओर से दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बनारस के जंगमबाड़ी स्थित श्री हनुमान मंदिर में रंगोली और दीपोत्सव (दीपदान) के साथ आरंभ हुआ। छायाकारों ने रंगोली और दीपोत्सव की तस्वीरें अपने कैमरे से उतारी।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में जंगमबाड़ी स्थित होटल में डॉ. इंद्रनील बसु, केके वाजपेयी, पुरुषोत्तम तोदी और कमल किशोर तोदी ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। अध्यक्ष त्विशाम्पति हुदाति (दादा) ने संस्था के बारे में जानकारी दी। सदस्यों ने कराओके की धुन पर सुमधुर गीत गाए। संचालन सचिव विनय रावल और धन्यवाद ज्ञापन संरक्षक डीएन सिंह ने किया।
लहर लहर लहराई रे श्याम ध्वजा लहराई रे...
लहर लहर लहराई रे श्याम ध्वजा लहराई रे... की धुन पर झूमते गाते श्रद्धालुओं ने निशान शोभायात्रा निकाली। श्री श्याम मंडल की ओर से निशान शोभायात्रा शुक्रवार को श्याम नाम गूंज के साथ पातालेश्वर मंदिर से निकली जो लक्सा स्थित श्रीश्याम मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। इसके पूर्व श्री श्याम मंडल के मंत्री पवन कुमार अग्रवाल, प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान, कार्यक्रम संयोजक मुकेश गाड़ोदिया, पवन पांडेय और रवि कानोडिया ने संयुक्त रूप से श्याम ध्वजा का पूजन किया।
कैलाशपुरी में द रेमंड्स शॉप शोरूम का उद्घाटन आज
कैलाशपुरी में द रेमंड्स शॉप का उद्घाटन 25 अक्तूबर (शनिवार) को दोपहर दो बजे होगा। मुख्य अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह शोरूम का उद्घाटन करेंगे। शोरूम के अधिष्ठाता धवल प्रकाश ने बताया कि उद्घाटन अवसर पर विशेष ऑफर दिया जाएगा। इसमें 25 और 26 अक्तूबर को पैंट व शर्ट की सिलाई सिर्फ 99 रुपये में होगी। निर्धारित राशि से अधिक मूल्य का रेडीमेड कपड़ा खरीदने पर गिफ्ट वाउचर दिया जाएगा।
संस्कार और सांस्कृतिक गौरव का होगा समागम
दीपों के पर्व दीपावली की शृंखला में केसरवानी वैश्य नगर सभा की ओर से दीपावली समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का सुंदर समन्वय रहेगा। केसरवानी वैश्य नगर सभा वाराणसी का 46वां वार्षिकोत्सव, दीप महोत्सव एवं वैवाहिक परिचय समारोह 26 अक्तूबर को गणेश मंडपम नाटी इमली में होगा। यह जानकारी नगर सभा के अध्यक्ष गुलाब चंद्र केशरी ने शुक्रवार को महमूरगंज स्थित एक होटल में पत्रकारों को दी।
कोषाध्यक्ष प्रदीप केशरी और महामंत्री राजेश केशरी ने बताया कि दीपावली का यह आयोजन समाज की एकता, संस्कार और प्रगति का प्रतीक बनेगा। मुख्य अतिथि प्रयागराज के मेयर गणेश केसरवानी होंगे। अध्यक्षता राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. एमके गुप्ता (अखिल भारतीय केसरवानी वैश्य महासभा) करेंगे। समारोह में विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सत्र होगा। महिलाएं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। वहीं, 2025 में प्रथम श्रेणी प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
दीपोत्सव में रामभक्ति और गीत-संगीत के बिखरे रंग
रोटरी क्लब वाराणसी नाॅर्थ की ओर से शिवपुर स्थित एक वाटिका में शुक्रवार को दीपोत्सव की धूम रही। रामभक्ति और सांस्कृतिक रंगों की छटा बिखरी तो सभी सनातन संस्कृति से ओत-प्रोत नजर आए।
रोटरी मंडल के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील बंसल और संजय अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अध्यक्ष रुचि भार्गव और सचिव शुभश्री जैसवाल व अनूप मिश्रा ने भगवान श्रीराम की स्तुति की। संचित, वाणी, नीलांसा, अर्चना, अनोखी, अवंतिका, आयाति आदि ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
चित्रा मिश्रा और शिवी राय ने हनुमान चालीसा के हिंदी रूपांतरण पर आधारित संगीतमय नृत्य की प्रस्तुति दी। इस दौरान दो जरूरतमंद युवतियों को सिलाई मशीन और एक दिव्यांग को व्हीलचेयर दिया गया। संचालन अनिल किंजवाडेकर ने किया।
उधर, द स्माॅल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसआईए) का पारिवारिक दीपावली मिलन समारोह मड़ौली स्थित एक लॉन में हुआ। सदस्यों ने दीप जलाकर देश की सेना की सुरक्षा, प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति और भारत की आर्थिक समृद्धि की कामना की। मुख्य अतिथि इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आरके चौधरी और विशिष्ट अतिथि दीपक बजाज रहे।
एसआईए के अध्यक्ष राजेश भाटिया ने स्वागत किया। महामंत्री नीरज पारिख, पंकज अग्रवाल, प्रशांत अग्रवाल, मनीष, राजेश वर्मा, आलोक पारिख आदि मौजूद रहे। संचालन शुभम सुनेजा ने किया।