Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...चार की मौत, 60 लाख की हेरोइन तस्करी का आरोपी अरेस्ट; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी में हादसे के दाैरान चार लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने 279 ग्राम हेरोइन रखने के आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: धारवाड़ राजस्थान से टायर लोड कर जमशेदपुर टाटा को जा रही डीसीएम गाड़ी डाफी टोल प्लाजा से 500 मीटर आगे लोटूबीर सर्विस लेन की तरफ जाते हुए पलट गई। हाइवे से जा रहे लोगो ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी।
सूचना के बाद मौके पर पहुची पुलिस ने डाफी टोल प्लाजा के क्रेन से डीसीएम को सीधा करा कर केबिन में फसे ड्राइवर को बाहर निकाला। लेकिन मौके पर ड्राइवर की मौत हो गई। ड्राइवर के पास मिले डीएल से ड्राइवर की शिनाख्त हुई। चालक का नाम कमल कुमार 26 साल के रूप में हुई। मौके पर पहुची पुलिस डीसीएम नंबर से मालिक से संपर्क करने में जुटी है।
100 लीटर कच्ची शराब रखने के आरोप में 9 आरोपी गिरफ्तार
बड़ागांव थाने की पुलिस और आबकारी टीम ने बुधवार को करवल बस्ती में अभियान के दौरान 100 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। इस दौरान नौ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 65 भट्टियां और करीब 2800 लीटर लहन नष्ट किया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार, श्याम नारायण, केशव, महेश कुमार, प्रेमचन्द्र पटेल, सुरेश पाठक, इन्द्रजीत गौड़, संजय कुमार और रामजनम शामिल हैं।
दो लोगों के बीच मारपीट एक की इलाज के दौरान मौत
शिवपुर के बसही पोखरा पर मंगलवार की शाम 6 बजे दिनेश प्रजापति (35) और जयप्रकाश उर्फ बत्थू पटेल दोनों बसही निवासी हैं। शराब के नशे में किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। लोगों के छुड़ाने के बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए। बुधवार को सुबह दिनेश की तबीयत बिगड़ने पर परिवार के लोग दीनदयाल अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने बीएचयू रेफर कर दिए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
दिनेश प्रजापति का शव परिजन घर ले आए और इसकी सूचना शिवपुर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा। मृतक के तीन लड़की और तीन लड़के हैं। पत्नी निशा ने बताया कि मंगलवार को दिनेश को जयप्रकाश उर्फ बत्थू ने मारा, जिसके चलते हमारे पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस जयप्रकाश उर्फ बत्थू के घर दबिश देने गई लेकिन नहीं मिला।
टायर लदा डीसीएम पलटा, चालक की मौत
लंका थाना क्षेत्र के डाफी टोल प्लाजा के पास बुधवार की रात अनियंत्रित टायर लदा डीसीएम ट्रक पलट गया। हादसे में शामली के झिंझाना प्रतापुर निवासी चालक कमल कुमार 26 वर्ष की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर क्रेन से डीसीएम हटवाया। इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि राजस्थान के धारवाड़ से टायर लोड कर डीसीएम चालक कमल कुमार जमशेदपुर टाटा जा रहा था। ड्राइवर के पास मिले डीएल से शिनाख्त हुई। डीसीएम रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए वाहन मालिक से संपर्क किया जा रहा है।
दो बाइक की टक्कर में अधेड़ की मौत
चोलापुर क्षेत्र इमलिया बाजार में बुधवार की रात दो बाइक की टक्कर में पप्पू यादव (44) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। इमलिया अमरपट्टी निवासी पप्पू यादव अपनी बाइक से इमलिया मोड़ पर मुड़ रहे थे, तभी पीछे से तेज़ रफ्तार में आए दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल पप्पू को चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि पप्पू यादव तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और दो बेटे और दो बेटियां हैं। पत्नी मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। चोलापुर इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
60 लाख की हेरोइन तस्करी का आरोपी गिरफ्तार
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर ब्लाॅक के पास से बुधवार की रात पुलिस ने 279 ग्राम हेरोइन रखने के आरोपी तस्कर सुभाष को गिरफ्तार किया। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज ने बताया कि बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय मार्केट में 60 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी रोहनिया के नाऊपुर निवासी सुभाष है। लहरतारा चौकी इंचार्ज राहुल सिंह और गाजीपुर नारकोटिक्स की टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
बीएचयू अस्पताल में रंजिश को लेकर मारपीट
सर सुंदरलाल अस्पताल में दो दिन पूर्व राजातालाब के छोटे खान की पिटाई मामले में मेडिकल स्टोर पर काम करने वाले प्रियांशु समेत चार के अज्ञात के खिलाफ लंका थाने में केस दर्ज किया गया। राजातालाब कचनार निवासी छोटे खान ने पुलिस को बताया कि 26 अगस्त को जांच की पर्ची कटाने बीएचयू एसएस अस्पताल गया था। लौटते वक्त इमरजेंसी के सामने शौचालय के पास आरोपी प्रियांशु ने तीन अन्य साथियों के संग मिलकर पंच और डंडे से हमला कर दिया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि केस दर्ज है।
लोन दिलाने के नाम पर मोबाइल और आईडी लेने वालों पर केस
धोखाधड़ी और धमकी मामले में मंगलवार की रात छह आरोपियों के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया। भेलूपुर थाना क्षेत्र के जीवधीपुर किरहिया के रहने वाले पंकज कुमार ने पुलिस को बताया कि आरोपी आकाश सोनकर, राहुल राय अरुण शर्मा, नवीन, अंश यादव, विजय मेरी दुकान पर पहुंचे और दुकान में लोन दिलवाने के नाम पर मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड मांग कर ले गए।
आरोपियों ने एक घंटा के भीतर लोन पास होने के बाद पैसा मिलते ही मोबाइल और कागजात वापस करने के लिए कहा लेकिन लोन का पैसा नहीं आया और डाक्यूमेंट्स भी नहीं लौटाए। मांगने पर गाली गलौज व जान से मारने की धमकी दी। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
फर्जीवाड़ा और अश्लील मैसेज के मामले में मुकदमा दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र की एक युवती की शिकायत पर मनीष पांडेय के खिलाफ अश्लील मैसेज भेजने और धोखाधड़ी में केस दर्ज कराया। जंसा के खरगूपुर निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आजमगढ़ के रसूलपुर निवासी मनीष पांडेय ने कूटरचना कर मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी को बदलकर कार से संबंधित गोपनीय दस्तावेजों में छेड़छाड़ की और उनका दुरुपयोग किया। 8 जुलाई 2025 को व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक और अश्लील फोटो भेजे। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कीगई है।
स्कूली बस की टक्कर से अधेड़ घायल
आदमपुर थाना क्षेत्र के जालालीपुर क्रॉसिंग के पास कोनिया निवासी सुखदेव सेठ (52) जैपुरिया स्कूल की बस की टक्कर से घायल हो गए। परिजनों ने मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया है। वाहन के धक्के से सुखदेव का दोनों पैर और हाथ टूट गया है। इसके अलावा चेहरे, पेट और कमर पर भी चोटें आई हैं। परिजनों ने बताया कि पड़ाव की ओर से आ रही स्कूली बस तेज रफ्तार में थी, तभी रास्ता पार कर रहे सुखदेव को वाहन से धक्का लग गया। सुखदेव ने इस मामले में आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
घर से निकला 13 वर्षीय किशोर लापता
जैतपुरा थाना क्षेत्र के बड़ी बाजार स्थित जमालुद्दीनपुरा निवासी अशोक कुमार का बेटा सुनील 13 वर्ष लापता हो गया। बुधवार को परिजनों ने जैतपुरा थाने में केस दर्ज कराया। पिता अशोक ने पुलिस को बताया कि सुनील घर से सामान लेने निकला था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। थानाध्यक्ष जैतपुरा बृजेश मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर किशोर की तलाश की जा रही है।
जिला बदर गुंडा एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
टिकरी गांव के रहने वाले जिला बदर गुंडा एक्ट के आरोपी अशोक कुमार को चितईपुर पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। चितईपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपी जिला बदर अपने घर पर ही मौजूद था। घर पर पुलिस ने दबिश दी तो उसकी पत्नी ने बताया कि पति घर में है।
हाईवे किनारे झाड़ी में मिला नर कंकाल, हत्या कर फेंके जाने की आशंका
रोहनिया थाना क्षेत्र के पंडितपुर स्थित हाईवे किनारे जमीन पर झाड़ी की सफाई में बुधवार की सुबह नर कंकाल बरामद हुआ। नर कंकाल के पास ही कंबल और तिरपाल पड़ा मिला। फाॅरेंसिक टीम और पुलिस ने छानबीन के बाद नर कंकाल को कब्जे में लिया है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि दो से तीन माह पूर्व किसी ने हत्या कर शव को कंबल और तिरपाल में लपेटकर झाड़ी में फेंक दिया होगा।
पंडितपुर निवासी उमा नाथ चौबे की हाईवे किनारे जमीन है। वह जेसीबी से जमीन की साफ-सफाई करवा रहे थे। इस बीच जेसीबी चालक जेसीबी लेकर बिना बताए घर भाग गया। उमा नाथ चौबे जब जेसीबी चालक के घर पहुंचे और अधूरा कार्य छोड़कर घर आने का कारण पूछा तो चालक ने कहा कि झाड़ी की सफाई नहीं करेंगे, क्योंकि झाड़ी में नर कंकाल है। जमीन मालिक उमानाथ ने इसकी सूचना डायल-1112 पर दी। रोहनिया पुलिस घटना स्थल से नर कंकाल को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि फारेंसिक टीम ने छानबीन की है। नर कंकाल की जांच कराई जा रही है।
बिहार जा रही 109 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़ से बिहार जा रही 109 पेटी अंग्रेजी शराब से भरी पिकअप को सारनाथ पुलिस ने मंगलवार को फरीदपुर अंडर पास के पकड़ा। आरोपी चालक श्रवण कुमार को गिरफ्तार किया गया। सब्जी के कैरेट से छिपाकर शराब की खेप बिहार लेकर जा रहा था।
एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी चालक राजस्थान के बाड़मेर बालोतरा स्थित बझतु का निवासी श्रवण कुमार है। यह अंग्रेजी शराब हरियाणा से दिल्ली, लखनऊ से वाराणसी होते हुए बिहार जा रही थी। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया। पिकअप में सब्जी के कैरेट से ढक कर 109 शराब की पेटी बिहार भेजी जा रही थी।
बाइक सवार बदमाशों ने युवक की पिटाई कर लूटा बाइक और मोबाइल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव स्थित रिंगरोड के ओवर ब्रिज पर मंगलवार की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने बाइक सवार एक युवक की पिटाई के बाद मोबाइल और बाइक लूट लिया। हरहुआ की तरफ जा रहे बाइक सवार को ओवरटेक के बाद दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने रोका और पिटाई के बाद बाइक व मोबाइल लूटकर भाग निकले। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव निवासी दीपक यादव ने पुलिस को बताया कि वह कछवारोड से मेहंदीगंज गांव रिंगरोड से अपने घर लौट रहा था। तभी रास्ते में दो बाइक पर पांच की संख्या में बदमाशों ने बाइक ओवर टेक कर उसे रोक लिया। विरोध करने पर पिटाई की और जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक व मोबाइल लूटकर भाग निकले। मिर्जामुराद थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पांडेय ने बताया कि आसपास लगे सीसी कैमरे और सर्विलांस के जरिये तफ्तीश की जा रही है।
बनारस स्टेशन के पार्किंग एरिया से तमंचा के संग आरोपी गिरफ्तार
बनारस रेलवे स्टेशन के द्वितीय पार्किंग एरिया से मंगलवार की देर रात मंडुवाडीह पुलिस ने आरोपी को .315 बोर के तमंचा के संग गिरफ्तार किया। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हरिओम सिंह निवासी जौनपुर के नेवढि़या का है। 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।
किशोरी को परिजनों से मिलवाया
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार को लगभग 14 वर्षीय किशोरी अपने परिजनों से बिछड़कर देर रात बनारस स्टेशन पहुंच गई। किशोरी की पहचान रोहनिया के बालाजी नगर काॅलोनी निवासी कंचय राय की पुत्री सोनम के रूप में हुई। बुधवार को पहुंचे परिजनों को सौंप दिया गया।
वाराणसी स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाले में विवेचक ने दर्ज कराया बयान
एनआरएचएम के तहत वाराणसी के स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाले में बुधवार को विशेष सीबीआई कोर्ट में सुनवाई हुई। केस के विवेचक पीएस जमवाल ने अदालत में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराया। अगली सुनवाई के लिए सीबीआई की विशेष अदालत ने 10 सितंबर की तारीख लगाई है।
सीबीआई से मिली जानकारी के अनुसार एनआरएचएम के तहत वाराणसी के अस्पताल में वर्ष 2008 में लाखों रुपये की दवाई की आपूर्ति की गई थी। इसमें घोटाला होने की शिकायत सीबीआई को प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने मामले की जांच की थी।
जांच में घोटाला होना पाया गया था। इसके बाद सीबीआई ने वाराणसी के पूर्व सीएमओ डॉ. अब्दुल हलीम समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। तभी से मामले की सुनवाई विशेष सीबीआई कोर्ट में चल रही है।
कोलकाता एक्सप्रेस में विदेशी महिला से चोरी का आरोपी गिरफ्तार
कैंट जीआरपी (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) ने कोलकाता एक्सप्रेस में एक विदेशी महिला के साथ हुई चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिससे मोबाइल फोन, ईयर फोन और 14,000 नकद बरामद किए गए।
जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि लखनऊ के मढि़याव निवासी किशोर नामक युवक को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना 24 अगस्त को गाड़ी संख्या 13152, कोलकाता एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में हुई थी, जब आरोपी ने एक विदेशी महिला के पर्स से सामान चुरा लिया था। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
वीडीए 72 घंटे में स्वीकृत किया नक्शा
वीडीए ने संदहा रिंगरोड पर 72 घंटे से भी कम समय में 40 कमरों के होटल सह रिसाॅर्ट का मानचित्र स्वीकृत किया। मे. ट्री गार्डन एंड रिसॉर्ट का मानचित्र दिलीप कुमार सिंह व अन्य की ओर से दिया गया था। 24682.84 वर्ग मीटर पर इसका निर्माण होना है। इसमें 40 उच्च सुविधायुक्त कक्षों के अतिरिक्त प्रस्तावित होटल सह रिसाॅर्ट में 137 कार एवं पर्याप्त संख्या में 2 व्हीलर पार्किंग प्रस्तावित है। ग्रीन हरित क्षेत्र व पार्क कुल भूखंड का 19.55 प्रतिशत (4825.67 वर्ग मीटर) और कुल निर्माण 6159.75 वर्ग मीटर में होगा।
आत्मदाह करने वाले बुजुर्ग के बेटे ने लेखपाल और अधिकारियों के खिलाफ की शिकायत
राजातालाब तहसील में पिछले दिनों आत्मदाह करने वाले वशिष्ठ नारायण गौड़ के बेटे कपिल देव गौड़ ने पिता को आत्मदाह के लिए विवश करने समेत अन्य आरोपों में बुधवार को राजातालाब थाने में तहरीर दी। गांव के हल्का लेखपाल, ग्राम प्रधान और तहसील के अधिकारियों के खिलाफ शिकायत की है।
पीड़ित पुत्र कपिल देव गौड़ ने पुलिस को बताया कि पिता को तंग और परेशान किया गया था, जिससे अजीज आकर उन्होंने 22 अगस्त को तहसील परिसर राजातालाब में आत्मदाह कर लिया। कपिल देव गौड़ का आरोप है कि वह अनुसूचित जनजाति का है और आर्थिक रूप से कमजोर है इसलिए ऐसी घटना घटी है। उसने दोषियों के खिलाफ अनुसूचित जनजाति कानून के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है। शिकायती पत्र एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव को भी दिया है।
साप्ताहिक अभियान में हटवाए अवैध विज्ञापन
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर साप्ताहिक अभियान के तहत नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से अवैध विज्ञापनों को हटाया गया है। सर्किट हाउस से जेपी मेहता जेल रोड होते हुए फुलवरिया तक दो होर्डिंग्स और 23 बैनर हटवाए गए। इसके तहत फुलवरिया लहरतारा होते हुए मंडुआडीह चौराहा, महमूरगंज सिगरा तक कुल तीन होर्डिंग्स और 163 बैनर हटवाए।
मंडुआडीह चौराहे से ककरमत्ता होते हुए बीएलडब्ल्यू से भिखारीपुर तक कुल एक होर्डिग्स और 93 बैनर हटवाए। भिखारीपुर से चितईपुर होते हुए अवलेशपुर पेट्रोल पंप तक कुल चार होर्डिंग्स और 31 बैनर हटवाए गए। रामनगर गोलंबर चौराहे के पास कुल दो होर्डिंग्स और 63 बैनर हटाए गए।
सिगरा रथयात्रा भेलूपुर, आईपी विजया दुर्गाकुंड, ट्रॉमा सेंटर, सुंदरपुर से भिखारीपुर तक कुल एक होर्डिंग्स और 19 बैनर हटवाए गए। पुलिस लाइन से चौकाघाट मैदागिन, कालभैरव मंदिर से गोदौलिया तक कुल 13 बैनरों को हटाया गया। इसके अलावा सिगरा पुलिस लाइन से अतुलानंद होते हुए तरना तक कुल दो होर्डिंग्स और 27 बैनर हटवाए। नगर आयुक्त ने विज्ञापन विभाग को निर्देशित किया कि यह अभियान नियमित रूप से चलाया जाए।
सपा प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिवार से मुलाकात की
मिर्जामुराद के जोगापुर में समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मृतक वशिष्ठ नारायण गौड़ के परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। गौड़ ने कथित तौर पर राजातालाब तहसील में खुद को आग लगाकर जान दे दी थी। रोहनिया के पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गौड़ पर ग्राम समाज की जमीन पर कथित अतिक्रमण के लिए 4.32 लाख का जुर्माना लगाया था। सपा ने मांग की है कि जनजातीय आयोग और केंद्रीय जनजाति मंत्री मामले की जांच कराएं।
क्रिकेट छात्रावास में चयन होने पर क्रिकेटर शौर्य का सम्मान
रोहनिया के अमरा खैरा चितईपुर के रहने वाले 12 साल के शौर्य का चयन चंडीगढ़ क्रिकेट छात्रावास में होने पर भूमिहार ब्राह्मण समाज की ओर से अमरा में एक होटल में शौर्य को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, वीरभद्र राय, प्रेम प्रकाश नारायण सिंह ने शौर्य का माल्यार्पण कर उन्हें सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि शौर्य की इस उपलब्धि से पूरा बनारस गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने शौर्य को मेहनत और ईमानदारी से आगे बढ़ने और खेल की दुनिया में नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर शौर्य के पिता धीरेंद्र सिंह सोनू ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
बेगमपुरा, कोलकाता-जम्मूतवी आज और कल रहेगी निरस्त
जम्मू में हुई भूस्खलन की घटना के बाद वहां जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या कम दिखी। बुधवार को दोपहर में कैंट रेलवे स्टेशन से जम्मू जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस के स्लीपर, एसी कोच की कई सीटें खाली रहीं। उधर, एहतियातन रेलवे प्रशासन से जम्मू जाने वाली और जम्मू से आने वाली ट्रेनों को कैंसल कर दिया है।
बुधवार को बेगमपुरा एक्सप्रेस प्लेटफाॅर्म नंबर नौ से दोपहर 12:40 बजे से रवाना हुई। ट्रेन के स्लीपर कोच और एसी कोच में कई सीटें खाली ही दिखीं। इधर, रेलवे प्रशासन से जम्मू से चलने वाली 13152 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस को 27 और 28 अगस्त को कैंसल कर दिया है। इधर, वाराणसी से 28 अगस्त को बेगमपुरा कैंसल की गई है। वाराणसी से जम्मू जाने वाली 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस को 29 अगस्त को निरस्त कर दिया है।
नगर निगम के कब्जे में आई 160 करोड़ की 16 बीघा जमीन
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर सरकारी भूमि पर कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई की जा रही है। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में अगस्त 2025 में लगभग 160 करोड़ की 16 बीघा जमीन पर नगर निगम ने कब्जा किया है। कब्जा मुक्त भूमि चितईपुर, सुसुवाहीं, पोंगलपुर ऐढ़े, फुलवरिया क्षेत्रों में है।नगर निगम की ओर से इस जमीन पर बैरेकेडिंग की जा चुकी है।
सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि यह कार्रवाई नियमित रूप से चलती रहेगी। पिछले दिनों फुलवरिया क्षेत्र में कब्जामुक्त जमीन पर लोगों की ओर से अवैध प्लाॅटिंग की जा रही थी। निगम को सूचना मिलने पर सहायक नगर आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी से सभी अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कर कब्जे में ले लिया गया। नगर आयुक्त ने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
टेबल टेनिस में आदित्य, श्रेया और अंश ने मारी बाजी
होली हार्ट्स स्कूल मलदहिया में बुधवार को अंतर-विद्यालयीय टेबल टेनिस टूर्नामेंट हुआ। इसके अंडर 11 बालक वर्ग में आदित्य कुमार, बालिका वर्ग में श्रेया यादव और अंडर 13 में अंश यादव ने पहला स्थान हासिल किया। यह प्रतियोगिता स्कूल की कोच प्रशिक्षक प्राची अस्थाना के कुशल मार्गदर्शन में हुई। इसमें सुजीत सिंह, सौम्या सिंह, और श्वेता सिंह ने सहयोग किया। प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी।
सीडीओ ने अधिकारियों को लगाई फटकार
विकास खंड में एक समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हिमांशु नागपाल ने जल जीवन मिशन से जुड़े अधिकारियों को काम में लापरवाही के चलते फटकार लगाई। ग्राम प्रधानों ने शिकायत की थी कि मिशन के तहत चल रहे कार्य अधूरे हैं। सीडीओ ने एलएनटी के कॉन्ट्रैक्ट मैनेजर और जल निगम के अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि काम में सुधार न होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
बैठक में उन्होंने शिक्षा, बाल विकास, विद्युत और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की। सीडीओ ने विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, राशनकार्ड निरस्तीकरण और पेंशन योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानों से स्पॉन्सरशिप योजना, टीबी मुक्त पंचायत और पीएम सूर्य घर जैसी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने की अपील की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं के संग दुर्व्यवहार पर जिला जल से की मुलाकात
सेंट्रल बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल जिले में तैनात कुछ न्यायिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली और अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार को लेकर जिला जज जयप्रकाश तिवारी से बुधवार को मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जिला जल से 10 दिन में आवश्यक कदम उठाने के साथ हाईकोर्ट को भी शिकायतों से अवगत कराने को कहा है।
महामंत्री राजेश गुप्त ने कहा कि शिकायतों को लेकर सख्त कदम नहीं उठाया गया तो बार एसोसिएशन अधिवक्ताओं के आक्रोश को देखते हुए शिकायत की गई अदालतों का बहिष्कार भी कर सकती है। प्रतिनिधिमंडल में सेंट्रल बार अध्यक्ष मंगलेश दूबे, पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह प्रिंस, विनोद सिंह, कन्हैयालाल पटेल, राघवेंद्र दूबे, सत्यप्रकाश सिंह आदि रहे।
बीएचयू के कुलपति को रोककर छात्रों ने दिया ज्ञापन
बीएचयू में नए कुलपति प्रो. अजीत चतुर्वेदी के कार्यकाल में पहली बार किसी छात्र संगठन ने सीधा उनको ज्ञापन थमाकर विरोध किया। इस दाैरान सुरक्षगार्ड भी थोड़े सहमे से लगे और बीच बचाव कर छात्रों को हटाते रहे। छात्र संघर्ष समिति ने बृहस्पतिवार को सेंट्रल ऑफिस में कुलपति से रोककर मुलाकात की और पीजी माॅपअप राउंड की मांग रखी।
छात्रों की ओर से इतिहास के शोधार्थी श्यामल कुमार ने जिन छात्रों को वेरिफिकेशन नहीं हुआ है उनके दाखिले निरस्त किए जाए। कोई भी सीट खाली न रहे। वहीं पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया और आईआईटी और बीएचयू के बीच विवादों को लेकर भी सवाल उठाया। कुलपति ने छात्रों से ज्ञापन लेने के बाद आश्वासन दिया कि आने वाली बैठकों में इन मुद्दों पर विचार होगा। जल्द फैसला दिया जाएगा।
दो-दो डॉल्फिन मित्र होंगे नियुक्त
बनारस और गाजीपुर में गंगा डॉल्फिन के संरक्षण के लिए दो-दो डॉल्फिन मित्र नियुक्त किए जाएंगे। इसमें नाविक, मछुआरे और विद्यार्थियों को वरीयता दी जाएगी। दोनों जिलों में गंगा नदी से सटे गांवों में रहने वाले व्यक्तियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों को इसमें काम करने के लिए अवसर दिया जाएगा। इसके लिए वन विभाग के ओर से वेतन भी दिया जाएगा। इससे डॉल्फिन संरक्षण करते हुए विद्यार्थी अच्छी कमाई कर सकेंगे। वन संरक्षक रवि कुमार ने बताया कि 29 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
आज से उपवास रखकर करेंगे तीर्थंकरों की आराधना
जैन दिगंबर धर्मावलंबियों का पर्यूषण पर्व बृहस्पतिवार से शुरू होगा। श्रावक 10 दिनों का उपवास कर 24 तीर्थंकरों का पूजन-अर्चन और आराधना करेंगे। जैन मंदिरों में सुबह और शाम दर्शन-पूजन और प्रवचन होगा। कुछ लोग एकाशन (एक वक्त भोजन) कर उपवास रखते हैं। इस कठिन व्रत को बुजुर्ग और बच्चे भी रखते हैं।
10 दिन उपवास रखने वाले 20 से 25 बार उबला हुआ पानी और एकाशन वाले 24 घंटे में एक बार दिन में भोजन करते हैं। वहीं, श्वेतांबर धर्मावलंबियों का यह पर्व बुधवार को क्षमावाणी के साथ समापन हुआ। भादो मास का पर्यूषण पर्व जैन धर्म के लिए खास होता है। भेलूपुर श्वेतांबर जैन मंदिर में चातुर्मास कर रही तीन साध्वियों ने भी पर्यूषण पर्व पर उपवास रखकर साधना की।
लोलार्क कुंड में स्नान के लिए पहुंचने लगे लोग, लगी कतार
लोक मान्यतानुसार संतान की प्राप्ति के लिए लोलार्क षष्ठी पर 29 अगस्त को लोलार्क कुंड तुलसी घाट में स्नान के लिए भीड़ होगा। विभिन्न प्रांतों से महिलाएं व पुरुष बुधवार को ही काशी पहुंचने लगे। देर शाम से लोगों की कतार लगने लगी है। बृहस्पतिवार को और बढ़ जाएगी। कुंड पर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर मुकम्मल तैयारी की गई है। वहीं, लोलार्क षष्ठी पर लोलार्क छठ का पर्व रवींद्रपुरी स्थित सिद्ध पीठ 'बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड' पर भी मनाया जाएगा।
आश्रम के सेवक संजय सिंह ने बताया कि अघोराचार्य महाराज बाबा कीनाराम के जन्म के छठवें दिन मनाए जाने वाले छठी समारोह को लोलार्क छठ पर्व के रुप में मनाया जाता है। क्रीं-कुण्ड आश्रम में स्थित बाबा कीनाराम सहित अन्य संतों की समाधि पर देश-विदेश से आने वाले अनुयायी दर्शन पूजन करेंगे और अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम का भी दर्शन करेंगे। बृहस्पतिवार से ही भक्त पहुंचने लगेंगे। इसको देखते हुए आश्रम परिसर के अंदर-बाहर व्यवस्था की है।
बीएचयू में 15 दिन का वास्तुविद्या कोर्स समाप्त
बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र में बुधवार को वास्तुविद्या कोर्स का समापन हो गया। 15वें दिन बीएचयू के ज्योतिषाचार्य और वास्तुविद प्रो. विनय कुमार पांडेय ने ‘निमित्त भवन प्रारूप में सुधार’ विषय पर छात्रों से संवाद किया। कहा कि भवनों के कई भेद होते हैं जो कि दो, तीन, चार, पांच, छह शालाओं से युक्त होते हैं।
भवनों का दिशा ज्ञान, उनमें बनने वाले गेट, भवन की ऊंचाई, देवतागृह, शयनकक्ष, भोजनशाला के लिए उपयुक्त स्थान, शौचालय की स्थापना, अध्ययन कक्ष समेत सैकड़ों तकनीकी पक्ष को समझाया। समन्वयक प्रोफेसर सदाशिव कुमार द्विवेदी ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र का वितरण किया।
चक्रधर चंद को राज्य शिक्षक पुरस्कार
जिले के सेवापुरी ब्लॉक में स्थित नहवानीपुर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य चक्रधर चंद चौबे को राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चुना गया है। बुधवार को पूरे प्रदेश के 66 शिक्षकों की जारी सूची में वह जिले के एकमात्र चयनित शिक्षक हैं। चक्रधर चंद चौबे को यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्यों और 19 मापदंडों पर खरा उतरने के लिए दिया जा रहा है। उनके प्रयासों से पिछले छह वर्षों में स्कूल में छात्रों की संख्या 62 से बढ़कर 253 हो गई है। विद्यालय पिछले तीन वर्षों से लगातार निपुण घोषित हो रहा है। स्कूल में कंप्यूटर, योग, और संगीत-नृत्य की अतिरिक्त शिक्षा भी प्रदान की जाती है।
केरल के उद्यम और बीएचयू के अटल इंब्यूबेशन सेंटर के बीच एमओयू
बीएचयू के अटल इंक्यूबेशन सेंटर और केरल राज्य औद्योगिक उद्यम के बीच समझौता हुआ है। मार्केटिंग और बाकी सहयोगी क्षेत्रों में आठ स्टार्टअप के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। केरल के विधि राज्यमंत्री पी. राजीव ने त्रिवेंद्रम स्थित अपने कक्ष में इस समझौते की प्रक्रिया को पूरा कराया।
वहां मौजूद अटल इंक्यूबेशन के निदेशक और प्रभारी प्रो. पीवी राजीव ने सभी आठों स्टार्टअप के बारे में जानकारियां दीं। ये सभी सॉफ्टवेयर, डेटा सॉल्यूशन, एआई, ऑटोमेशन आदि पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एआईसी-बीएचयू के पास वर्तमान में 160 से ज्यादा स्टार्टअप हैं।