Varanasi News: मंडुवाडीह थाने से 50 मीटर पर पकड़ी गई 25 लाख की दवाइयां, जांच के लिए भेजा सैंपल; FIR
Varanasi News: मंडुवाडीह थाने से महज 50 मीटर दूर ड्रग विभाग की टीम ने छापा मारकर करीब 25 लाख रुपये की दवाइयां बरामद कीं। मौके पर दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। टीम ने दवाओं के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। मामले में आगे की जांच और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार
Varanasi News: मंडुवाडीह थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर सोमवार की देर रात ड्रग डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने चौधरी कटरे मे चलने वाली एक दवा की फर्म पर छापा मारा तो यहां भारी मात्रा में जीवन रक्षक दवाइयां मिली। ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश द्विवेदी के अनुसार मौके पर जो दवाइयां मिली हैं, इसकी बाजार में कीमत करीब 25 लाख हैं।
फर्म संचालक संदीप श्रीवास्तव को हिरासत में लेकर जब पूछताछ शुरू की गई तो न तो कोई कागजात दिखा सके और न ही कुछ और जानकारी दे सके। दवाइयों का सैंपल लेकर उसको जांच के लिए भेजा गया है। मामले में ड्रग एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
कफ सीरफ प्रकरण में अभी जांच चल ही रही है कि अब औषधि विभाग ने नकली दवाइयों के खिलाफ एक बार फिर से अभियान शुरू कर दिया है। इसी के तहत मंडुवाडीह इलाके में रात को टीम पहुंची। यहां टीम को लंबे समय से गलत तरीके से दवाओं के कारोबार की जानकारी मिली थी।
करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई में टीम ने संबंधित फर्म पर रखी दवाइयों की जांच की। ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश द्विवेदी ने बताया कि यूपी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि आयुक्त के निर्देशन में लगातार नकली दवाओं के पकड़ने का अभियान चलाया जा रहा है।
मंडुवाडीह में संदीप श्रीवास्तव के फर्म पर जांच के दौरान न तो कोई खरीद-बिक्री का कागजात मिला और न ही रखी गई दवाओं के बारे में वह कोई जानकारी दे सके। इन दवाइयों को संदिग्ध मानते हुए ड्रग एक्ट के तहत औषधियों की सीज कर दिया गया।
साथ ही सैंपल लेकर उसको जांच के लिए भेजा गया है। यहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की और कार्रवाई की जाएगी। उधर मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर की तहरीर पर फर्म संचालक संदीप श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।