Cyber Crime: फोन अपडेट करने की सूचना दिखी, छह बार में खाते से 99,700 रुपये निकले; पढ़ें- तीन खबरें
Varanasi News: वाराणसी में साइबर फ्रॉड के कई मामले सामने आए हैं। इनमें से एक घटना फोन अपडेट करने की सूचना दिखने हुई। पीड़ित के खाते से छह बार 99,700 रुपये निकाले गए। वहीं फोन-पे से मजदूर के खाते से 69,999 रुपये निकाले गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में कैंट थाना क्षेत्र निवासी अभय सिंह से साइबर ठगों ने मोबाइल फोन अपडेट होने के बहाने खातों से छह बार में 99,700 रुपये निकाल लिए। पीड़ित को घटना की जानकारी मोबाइल सामान्य होने के बाद बैंक खाते से रकम कटने का संदेश मिलने पर हुई। कैंट पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की।
अभय सिंह के अनुसार, 13 अगस्त की दोपहर 1:30 बजे अचानक उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। कुछ देर बाद मोबाइल की स्क्रीन पर अपडेट संबंधी सूचना दिखाई देने लगी। कुछ समय बाद फोन सामान्य रूप से चालू हो गया। बैंक खाते की जानकारी देखने पर रकम कटने का पता चला। उन्होंने जांच कराई तो कई बार में धनराशि निकालने की जानकारी सामने आई। पीड़ित के मुताबिक, 13 अगस्त को दोपहर 1:45 बजे से 3:03 बजे के बीच उनके खातों से छह लेनदेन किए गए। साइबर ठगों ने 99,700 रुपये निकाल लिए।
पीएनबी के खाते से 98,700 रुपये और एसबीआई के खाते से 1,000 रुपये निकाले गए। अभय सिंह ने बताया कि उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति को बैंक खाते से जुड़ी कोई अनुमति नहीं दी थी। फोन में अपडेट संबंधी गतिविधि के दौरान ही खाते से रकम निकलने की बात सामने आई। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस लेनदेन से जुड़े खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।
फोन-पे से मजदूर के खाते से 69,999 रुपये निकाले
कैंट थाना क्षेत्र में मजदूर के बैंक खाते से फोन-पे के जरिये 69,999 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कैंट पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। खरबूजा शहीद निवासी मोहितूल इस्लाम के मुताबिक उसका भारतीय स्टेट बैंक में खाता है। मोबाइल में फोन-पे एप है। आरोप है कि 15 अगस्त की शाम 3:10 बजे उसके बैंक खाते से फोन-पे से 69,999 रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर उसने पुलिस को सूचना दी। मोहितूल ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। खाते से इतनी बड़ी रकम निकल जाने से वह परेशान है। तहरीर के आधार पर पुलिस बैंक खाते और डिजिटल लेनदेन का विवरण जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रकम किस माध्यम से निकाली गई और किन खातों में ट्रांसफर हुई। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के ककरमत्ता निवासी व्यापारी इरशाद अहमद के बैंक खाते से साइबर ठगों ने तीन लाख एक हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित के मुताबिक, उनका खाता भिखारीपुर के इंडियन बैंक में है। इरशाद ने बताया कि 17 अगस्त की शाम उनके मोबाइल पर बैंक के नाम से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खाते से रुपये कटने की बात कही। इसे फ्रॉड कॉल समझकर उन्होंने फोन काट दिया। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने न तो कोई लिंक खोला और न ही किसी को ओटीपी साझा किया। बावजूद खाते से तीन लाख एक हजार रुपये निकल गए। मोबाइल पर आए बैंक के संदेश के बाद उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई। पीड़ित ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कर रकम वापस दिलाने की मांग की है। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।