Varanasi: बिना जांच पति और दोस्त का खून प्रसूता को चढ़ाने का आरोप, अस्पताल में मौत के बाद हंगामा
वाराणसी में अस्पताल में प्रसूता की मौत पर घरवालों ने जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि बिना जांच के खून की कमी बताकर खून चढ़ाया गया, जिससे घटना हुई।
विस्तार
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के के निजी अस्पताल में प्रसव के बाद प्रसूता की मौत पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। प्रसूता के पति पवन कुमार ने आरोप लगाया कि आशीर्वाद हॉस्पिटल की चिकित्सक सेहरा खातून ने पूनम को खून की कमी बताकर बिना ब्लड ग्रुप की जांच और बिना ब्लड को फिल्टर किए उनका और उनके मित्र राहुल का खून निकालकर चढ़ा दिया।
इस वजह से पत्नी की हालत बिगड़ती चली गई। घटना के बाद अस्पताल संचालिका महिला डॉक्टर फरार हो गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
मुर्दहां ग्राम निवासी पवन राम ने पत्नी पूनम (24) को शुक्रवार को प्रसव पीड़ा होने पर गोसाईपुर चमरहा के आशीर्वाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया। रात 12 बजे के बाद पूनम ने एक पुत्री को जन्म दिया। इसके बाद उसे बुखार शुरू हो गया। पवन ने बताया कि बुखार की जानकारी डॉक्टर को दी गई तो उन्होंने एक इंजेक्शन लगाया।
आरोप है कि इसके बाद पूनम की हालत बिगड़ने लगी। लगभग एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन हंगामा करने लगे और चिकित्सक सेहरा खातून को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे।
महिला चिकित्सक का मुनारी व डुबकियां में भी अस्पताल संचालित रह चुका है। डुबकियां में भी पूर्व में प्रसव के दौरान महिला की मौत के बाद काफी हंगामा हुआ था। पूनम की मौत के बाद अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को परिजन दूसरे अस्पताल ले जाने लगे।
क्या बोले अधिकारी
चोलापुर में निजी अस्पताल में महिला की मौत, मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस से मिली है। मामले में दर्ज मुकदमे के आधार पर विभागीय कार्रवाई करवाई जाएगी। -डॉ. संदीप चौधरी, सीएमओ