UP Nagar Nikay Chunav: वाराणसी में बढ़े सवा पांच लाख मतदाता बनेंगे प्रत्याशियों के भाग्यविधाता
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार वाराणसी नगर निगम की मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 15 लाख 89 हजार 527 है। 2017 में नगर निगम के 90 वार्डों में 10.64 लाख मतदाता थे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में इस बार वाराणसी में सवा पांच लाख मतदाता बढ़े हैं। जो प्रत्याशियों के भाग्यविधाता बनेंगे। 2017 में नगर निगम के 90 वार्डों में 10.64 लाख मतदाता थे। इस बार के चुनाव में 100 वार्डों में 15 लाख 89 हजार 527 हैं। बीते चुनाव की अपेक्षा इस बार नगर निगम का दायरा बड़ा हो गया है। क्योंकि 10 वार्ड बढ़े हैं।
निकाय चुनाव की अंतिम सूची में कोई बदलाव नहीं होगा लेकिन इस सूची में पूरक सूची बाद में जोड़ी जाएगी। जिसमें नाम जोड़े और घटाए जाएंगे। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार नगर निगम की मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 15 लाख 89 हजार 527 है। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या आठ लाख 63 हजार 359 है और महिला मतदाताओं की संख्या सात लाख 26 हजार 168 है।
सबसे अधिक फुलवरिया वार्ड में मतदाता हैं। यहां कुल 29691 मतदाता हैं। सबसे कम बागेश्वरी वार्ड में मतदाता हैं। यहां 7000 मतदाता हैं। सबसे कम महिला मतदाताओं का वार्ड पिशाचमोचन है। यहां महिला मतदाताओं की संख्या 3225 है। सबसे कम पुरुष मतदाताओं की संख्या बागेश्वरी वार्ड में है। यहां 3746 मतदाता हैं।
इसी प्रकार नगर पंचायत गंगापुर में कुल मतदाताओं की संख्या 6873 है। यहां 3600 पुरुष मतदाता हैं और महिला मतदाताओं की संख्या 3273 है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं निकाय) एसएन सिंह ने बताया कि मतदाताओं की अंतिम सूची का प्रकाशन हो गया है। अब इसमें केवल पूरक सूची जुड़ेगी। इसके लिए आयोग से दिशा निर्देश जारी किया जाएगा। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई पूरी की जाएगी।
एक नजर में आंकड़े
- 2017 में कुल वार्ड की संख्या - 90
- 2017 में जनसंख्या - 11.98 लाख
- 2022 में कुल वार्ड की संख्या - 100
- 2022 में जनसंख्या 16.36 लाख (इसमें नगर निगम के साथ 87 राजस्व गांव और रामनगर पालिका परिषद की जनसंख्या शामिल)
- 16367 वार्ड के गठन के लिए औसत जनसंख्या
- 15 वार्डों का विलय हुआ
- 10 वार्ड के नाम बदले
- 11 वार्ड में नए मोहल्ले और मकान जुड़े
- 26 वार्ड दूसरे वार्ड और मोहल्लों में समाहित
- 10 वार्ड में कोई बदलाव नहीं
- 15 वार्ड बने 30 वार्ड समाप्त कर
- 47 वार्ड में आंशिक परिवर्तन
- 3 वार्ड रामनगर पालिका समाप्त कर बना
- 1 वार्ड सूजाबाद नगर पंचायत समाप्त कर बना।