यूपी: आईएएस जागृति अवस्थी ने सोनभद्र के सरकारी अस्पताल में दिया बेटे को जन्म; साथ रहे आईपीएस पति
सोनभद्र की मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आईएएस जागृति अवस्थी ने अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए निजी अस्पताल के बजाय सरकारी अस्पताल के एमसीएच विंग को चुना। उन्होंने यहां बेटे को जन्म दिया और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधाओं पर भरोसा जताया। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा-2020 में देश में दूसरी रैंक हासिल करने वाली जागृति के इस फैसले को सरकारी अस्पतालों के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ाने वाले संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
विस्तार
सोनभद्र जिले की मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आईएएस जागृति अवस्थी ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसे की मिसाल पेश की है। उन्होंने अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए किसी निजी अस्पताल के बजाय सोनभद्र के सरकारी अस्पताल स्थित एमसीएच विंग को चुना।
यहां उन्होंने बेटे को जन्म दिया। एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के रूप में सरकारी स्वास्थ्य व्यबस्था पर भरोसा जताने के उनके फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2020 में देश में दूसरी रैंक हासिल करने वाली जागृति अवस्थी महिला वर्ग में भी शीर्ष स्थान पर रही थीं।
उनके पति गौरव पांडेय मध्य प्रदेश कैडर के 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह सतना जिले में एएसपी के पद पर तैनात हैं। जागृति अवस्थी ने कहा कि सरकारी अस्पताल में उपलब्ध निशुल्क सुविधाओं पर लोगों का भरोसा मजबूत होना चाहिए।
उनका मानना है कि उनके इस फैसले से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को भी सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने का संदेश मिलेगा। इससे इलाज पर होने वाले अतिरिक्त आर्थिक बोझ से भी बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाएं निजी अस्पतालों से कम नहीं हैं। डीएम चर्चित गौड़ ने अपनी पत्नी आईएफएस आरुषि मिश्रा के साथ एमसीएच विंग पहुंचकर जच्चा-बच्चा का हाल जाना और बधाई दी।
