यूपी चुनाव 2022: वाराणसी में अबू आजमी बोले- कोई मुसलमान जिन्ना को पसंद नहीं करता, अखिलेश यादव का किया बचाव
समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी परिवर्तन यात्रा के तहत रविवार को वाराणसी पहुंचे। जिन्ना वाले बयान को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बचाव किया।
विस्तार
यूपी चुनाव 2022 से पहले परिवर्तन भ्रमण यात्रा के दौरान महाराष्ट्र सपा के प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने कहा कि जिन्ना का नाम लेने से किसी का वोट बढ़ने वाला नहीं है। यहां का कोई मुसलमान जिन्ना को पसंद नहीं करता है। हालांकि इतिहास बयान करना कोई बुरी बात नहीं है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इतिहास के बारे में बताया तो इसमें कोई गलत बात नहीं है। उन्होंने यह कभी नहीं कहा कि जिन्ना अच्छे थे या बुरे। धर्म और जाति के आधार पर राजनीति करने वालों को जनता इस बार चुनाव में करारा जवाब देगी।
'आडवाणी ने जिन्ना के मकबरे पर चढ़ाया था फूल'
रविवार को वाराणसी के बेनिया में कार्यक्रम के दौरान अबू आजमी ने कहा कि भाजपा के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने तो जिन्ना के मकबरे पर फूल चढ़ाकर कहा था कि वह सबसे बड़े सेक्युलर इंसान थे। इन्हीं के नेता जसवंत सिंह ने जिन्ना पर किताब लिखी थी। ऐसे में अब इतना हाय-तौबा क्यों मचाया जा रहा है।
पढ़ेंः अबू आजमी के बिगड़े बोल: कृषि कानून वापसी पर दिया आपत्तिजनक बयान, कंगना और भाजपा पर हमला
ओवैसी से गठबंधन पर बोले- सपा को किसी सहारे की जरूरत नहीं
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम से गठबंधन के सवाल पर कहा कि समाजवादी पार्टी एक सेक्युलर पार्टी है। हमारे पास इतना वोट बैंक है कि हमें किसी सहारे की जरूरत नहीं है। बेनिया स्थित एक कांप्लेक्स में आयोजित सभा के दौरान महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष व विधायक अबू आजमी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में धर्म और जाति के आधार पर अमन पसंद जनता को भाजपा सरकार बांटना चाहती है।
400 सीट समाजवादी पार्टी जीतेगी
सपा नेता आजमी ने दावा किया कि यूपी विधानसभा चुनाव में 400 सीट समाजवादी पार्टी जीतेगी। युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव मो. जुबैर, प्रदेश सचिव वरुण सिंह, पूर्व महानगर महासचिव लालू यादव और जिलाध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ ने कहा कि प्रदेश में बदलाव की बयार चल रही है।
विशेश्वरगंज में भी हुई सभा में अबु आजमी के परिवर्तन भ्रमण यात्रा का स्वागत किया गया। सभा में महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, सत्यप्रकाश सोनकर, आलोक गुप्ता, समन यादव, संजय यादव, इरशाद अहमद, वली मोहम्मद, अशरफ खां, राजेश केशरी, प्रियांशु यादव, उमा यादव, राखी, नीरज सेठ, अभिषेक यादव आदि मौजूद रहे ।
किन्नर समाज समावादी पार्टी के साथ
रविवार को मैदागिन स्थित पराड़कर भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सलमान किन्नर ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में दस लाख किन्नर हैं और उन सभी का समर्थन अखिलेश यादव को है। इस दौरान किन्नर समाज से शहनाज किन्नर, सोनाली किन्नर, रोशनी किन्नर, छोटी किन्नर, मोहिनी किन्नर, दीपक किन्नर, कात्रिका किन्नर सहित अन्य उपस्थित थे।
पढ़ेंः मऊ में मुख्तार अंसारी के करीबियों की दो करोड़ से ज्यादा की संपत्ति कुर्क, आगे भी होगी कार्रवाई